शिमला। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा है कि हिमाचल प्रदेश की सरकार जब से सत्ता में आई है तब से निरंतर हिमाचल वासियों पर महंगाई का बोझ बढ़ता चला जा रहा है। वहीं केन्द्र की मोदी सरकार देश की जनता को लगातार मंहगाई से राहत दे रही है।

डॉ राजीव बिंदल ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 2022 में सत्ता में आने से पहले बार-बार महंगाई दूर करने का वायदा और गारंटी हिमाचल की भोली भाली जनता को दी। परंतु सत्ता में आते ही डीजल के दामों में दो बार बढ़ोतरी कर दी गई। जिसके कारण डीजल में 6.50 रु प्रति लीटर बड़े। इस वृद्धि के कारण किराया, माल भाड़ा, आवागमन में बढ़ोतरी हुई और हिमाचल के किसान भाई बहनों को सीधा-सीधा नुकसान का सामना करना पड़ा।

उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को घरेलू गैस सिलेंडर के दामों को 200 रु घटाया और उज्जवला योजना के लाभार्थियों के लिए दाम 400 रु घट गए। यह निर्णय महंगाई रोकने के लिए है। इस निर्णय से हिमाचल प्रदेश के प्रत्येक परिवार को लाभ होगा।

बिंदल ने कहा हिमाचल प्रदेश की जनता मुख्यमंत्री से अपेक्षा करती है कि वह भी बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण पाने के लिए डीजल के ऊपर 6.50 रु की बढ़ोतरी को तुरंत वापस ले, जिससे हिमाचल प्रदेश की जनता को बड़ी राहत पहुंचेगी। इसी प्रकार पिछले हफ्ते डिपोओं में कई दालों के रैटों में 16 रु की बढ़ोतरी कर दी गई। यह हिमाचल की जनता के साथ धोखा है। इस बढ़ोतरी को भी सरकार को तुरंत प्रभाव से वापस लेना चाहिए।

उन्होंने कहा की कांग्रेस पार्टी ने हिमाचल प्रदेश की 22 लाख महिलाओं से 1500 रु प्रति माह देने का वायदा और गारंटी दी थी। चुनाव के समय वर्तमान मुख्यमंत्री, मंत्री और उनके समस्त नेताओं ने गांव गांव जाकर इसका प्रचार भी किया था। अब तो नौ महीने गुजर गए हैं। प्रत्येक महिला 13500 रु का इंतजार कर रही है। हम आज रक्षा बंधन के इस पावन पर्व पर मुख्यमंत्री को उनकी दी गारंटी का स्मरण करवाना चाहते हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version