रांची। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी डॉ लक्ष्मीकांत वाजपेयी रविवार को नई दिल्ली से रांची पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू ,महानगर जिला अध्यक्ष केके गुप्ता सहित महानगर के कार्यकर्ताओं ने किया।
प्रदेश कार्यालय में प्रदेश मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने डॉ वाजपेयी का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया। बैठक को संबोधित करते हुए वाजपेयी ने कहा कि यह संकल्प यात्रा राज्य में परिवर्तन लाने की यात्रा है। यह राज्य को कुशासन और भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाने की यात्रा है। उन्होंने कहा कि पूरी पार्टी प्रदेश को अराजकता इस मुक्ति दिलाने के लिए प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में संकल्पित है। हम सभी कार्यकर्ताओं को इस संकल्प को सिद्धि में बदलने के लिए कमर कसने की आवश्यकता है। हमें संकल्प की सिद्धि को सुनिश्चित करना है।
प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा राज्य के सवा तीन करोड़ जनता की भावनाओं की अभिव्यक्ति है। जनता की आवाज भाजपा है। उन्होंने संकल्प यात्रा के गांव गांव घर घर की सहभागिता सुनिश्चित कराने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि आज हर घर राज्य सरकार के कुशासन से मुक्ति चाहता है। प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि राज्य को कुशासन से मुक्ति दिलाना यह भाजपा की प्राथमिकता है। प्रदेश अध्यक्ष की संकल्प यात्रा राज्य में परिवर्तन का ज्वार खड़ा करेगी। जनता भाजपा की अगुवाई में परिवर्तन की बाट जोह रही है।
बैठक में प्रदेश महामंत्री बालमुकुंद सहाय भी उपस्थित थे।