-रांची के मोरहाबादी में जुटेंगे हजारों कार्यकर्ता
-जिलों में मशाल जुलूस निकाल कर रांची आने की अपील की
प्रशासन ने मोरहाबादी में लगायी निषेधाज्ञा
आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की राज्यव्यापी जनआक्रोश रैली आज रांची में होगी। पार्टी की ओर से इसकी तैयारी पूरी कर ली गयी है। पार्टी नेताओं का कहना है कि रांची में आयोजित होनेवाली इस रैली में राज्य के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता जुटेंगे। दूर के जिलों से कार्यकर्ताओं का रांची पहुंचना शुरू हो गया। साथ ही गुरुवार शाम को कई जिलों में मशाल जुलूस निकाल कर युवाओं को रांची आने की अपील भी की गयी है।
भाजपा ने कहा है कि राज्य की युवा शक्ति प्रतिवर्ष पांच लाख नौकरी, बेरोजगारी भत्ता, पारा शिक्षकों, अनुबंध कर्मियों के स्थायीकरण, जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा में भ्रष्टाचार, नौकरियों की बिक्री, नियोजन नीति जैसे मुद्दों पर हेमंत सरकार से जवाब मांगने रांची आ रही। राज्य का युवा भ्रष्ट निकम्मी राज्य सरकार के खिलाफ अब नये हुल और उलगुलान के लिए कमर कस चुका है। सरकार के खिलाफ युवाओं की लड़ाई निर्णायक मोड़ पर है। रैली में प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी सहित प्रदेश पदाधिकारी, सांसद विधायकगण शामिल होंगे।
बाबूलाल ने युवाओं से की अपील
रांची (आजाद सिपाही)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि आज झारखंड प्रदेश की जो हालत है, वह किसी से छिपी हुई नहीं है। झारखंड सरकार हर मोर्चे पर विफल है। हम सबों को मिल कर इस वर्तमान भ्रष्ट और निक्कमी सरकार को यहां से हटाना बहुत जरूरी है। 23 अगस्त को प्रस्तावित राज्यव्यापी युवा आक्रोश रैली में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें। बाबूलाल गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने युवा आक्रोश रैली में मिलन समारोह में पार्टी का दामन थामने वालों सहित राज्य के युवाओं और लोगों से अधिक से अधिक भागीदारी का आह्वान किया।