रांची। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और विपक्ष के नेता राहुल गांधी की अध्यक्षता में कांग्रेस मुख्यालय में बुधवार को महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में अडानी महा घोटाला, देशव्यापी जाति जनगणना और भारत के संविधान अन्तर्गत निहित आर्थिक, सामाजिक एवं राजनीतिक न्याय के प्रावधानों के वास्तविक सम्मान की आवश्यकता सहित कई गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गयी। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने अडानी महा घोटाला की जांच के लिए बार-बार एक संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) का आह्वान किया है, जिसे पहली बार हिंडनबर्ग रिपोर्ट द्वारा उजागर किया गया था। हाल के खुलासों ने वित्तीय बाजार नियामक सेबी के गंभीर समझौते को और उजागर कर दिया है, जिसके लिए तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता है। हर दिन, इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर और अधिक खुलासे सामने आ रहे हैं, जो स्थिति की गंभीरता को रेखांकित करते हैं। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि प्रदेश कांग्रेस समितियां गुरुवार, 22 अगस्त को देश भर में प्रवर्तन निदेशालय (इडी) कार्यालयों के सामने बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन आयोजित करेंगी। साथ ही केंद्र सरकार के जवाबदेही की मांग करेंगी। इसी सिलसिले में कांग्रेस के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने रांची के हिनू स्थिति प्रर्वतन निदेशालय के कार्यालय के समक्ष विरोध प्रर्दशन कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और विधायक दल के नेता का स्वागत सह अभिनंदन समारोह आज
कांग्रेस के झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर एवं नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश गुरुवार को रांची पहुंचेंगे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकतार्ओं की ओर से उनका भव्य स्वागत किया जायेगा। इसके बाद इडी कार्यालय के पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे। विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के बाद दोनों नेता कपूर्री ठाकुर चौक , भगवान बिरसा मुंडा चौक, नागेश्वर महतो चौक होते हुए वीर बुद्धू भगत, कार्तिक उरांव, हातमा में सिद्धू-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए कांग्रेस भवन पहुंचेंगे। इसके बाद नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश एवं विधायक दल के नेता डॉ रामेश्वर उरांव का स्वागत सह अभिनंदन किया जायेगा। इसके पश्चात् केशव महतो कमलेश पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर से पदभार ग्रहण करेंगे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version