रांची। विधानसभा विस्तारक प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन रविवार को भाजपा कार्यालय में किया गया। आठ सत्रों में आयोजित इस प्रशिक्षण वर्ग में पार्टी की सैद्धांतिक विचारधारा, इतिहास विकास, चुनाव प्रबंधन सहित सोशल मीडिया जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गयी। प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा विचारधारा और कार्यकर्ता आधारित राजनीतिक पार्टी है, जिसका उद्देश्य भारत को परम वैभव को शिखर पर पहुंचना है। पार्टी कार्यकर्ता इन उद्देश्यों की पूर्ति के लिए लगातार कार्य करते हैं। अंत्योदय, एकात्म मानव दर्शन और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की परिधि में भाजपा के लिए सत्ता साध्य नहीं, बल्कि मां भारती को विश्व गुरु बनाने का साधन है।

उन्होंने कहा कि भाजपा केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नीतियों और कार्यक्रमों को तेजी से धरातल पर उतार रही है। तीसरी बार मोदी सरकार बनाकर जनता ने पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को सराहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भी चुनाव सिर पर है। राज्य में ठगबंधन सरकार के खिलाफ आक्रोश है। जनता भाजपा नेतृत्व की डबल इंजन सरकार बनाने के संकल्पित हैं। लोकसभा चुनाव परिणाम इसका स्पष्ट संकेत देता है। उन्होंने कहा भाजपा की सरकार ने अलग झारखंड राज्य का निर्माण कराया।

हमें विकसित झारखंड के संकल्प को पूरा करना है। नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि आगामी चुनाव में डबल इंजन की सरकार बनाने के लिए चुनाव प्रबंधन भी महत्वपूर्ण है। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि विस्तारक की भूमिका नींव के पत्थर की तरह है। प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि संगठन की मजबूती में बूथ ही केंद्र बिंदु है। सांसद डॉ प्रदीप वर्मा ने भाजपा के इतिहास विकास, केंद्रीय टोली सदस्य मनोज सिंह, योगेंद्र प्रताप सिंह ने केंद्र सरकार की उपलब्धियां, राहुल अवस्थी, विवेक विकास ने सोशल मीडिया और आइटी विषय पर अपने विचार रखे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version