आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता और घाटशिला के विधायक रामदास सोरेन ने शुक्रवार को राजभवन में झारखंड के 12वें मंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल संतोष गंगवार ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी। रामदास सोरेन को चंपाई सोरेन की जगह झारखंड सरकार का मंत्री नियुक्त किया गया है। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, सत्यानंद भोक्ता, रामेश्वर उरांव के अलावा सत्ता पक्ष के कई नेता मौजूद रहे। मंत्री पद की शपथ लेने के बाद रामदास सोरेन ने झारखंड निर्माता दिशोम गुरु से मुलाकात की। इस अवसर पर उनके साथ हेमंत सोरेन, मंत्री और विधायक मौजूद रहे।
घाटशिला से दो बार विधायक रह चुके हैं रामदास
रामदास सोरेन घाटशिला विधानसभा सीट से दूसरी बार विधायक बने हैं। वह 2009 में पहली बार विधायक बने थे। वह झामुमो की पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई के अध्यक्ष भी हैं। उन्हें कोल्हान क्षेत्र के प्रभावशाली नेताओं में से एक माना जाता है। वह झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन और चंपाई सोरेन के साथ झारखंड आंदोलन में सक्रिय भूमिका में रहे। झारखंड आंदोलन के दौरान उन्हें कई बार गिरफ्तार किया गया। रामदास पहली बार कैबिनेट में शामिल हुए हैं।
बॉक्स
जल संसाधन और उच्च तथा तकनीकी शिक्षा विभाग देखेंगे रामदास सोरेन
रामदास सोरेन को जल संसाधन तथा उच्च और तकनीकी शिक्षा विभाग का मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा मंत्री हफीजुल हसन और मिथिलेश ठाकुर के विभागों में भी फेरबदल किया गया है। बदलाव के बाद मिथिलेश ठाकुर के जिम्मे पेयजल और स्वच्छता विभाग के अलावा पर्यटन-कला संस्कृति तथा युवा कार्य विभाग भी रहेगा, जबकि हफीजुल हसन अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अलावा निबंधन विभाग और नगर विकास तथा आवास विभाग की जिम्मेवारी भी संभालेंगे।