रांची। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि झामुमो अब पति-पत्नी की पार्टी बन कर रह गयी है। उन्होंने कहा कि चंपाई सोरेन एक आंधी हैं। वह लोगों के दिलों के राजा हैं। श्री चौहान शुक्रवार को धुर्वा गोलचक्कर मैदान में आयोजित भाजपा के अभिनंदन सह मिलन समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में में भी उन्होंने ट्विटर के जरिये लोगों की सेवा की। इससे पहले, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने भाजपा की सदस्यता ली। मंच पर विराजमान चंपाई सोरेन को कार्यकर्ताओं की जय-जयकार के बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने माला और पार्टी का पट्टा पहना कर स्वागत किया। इस मौके पर चंपाई सोरेन भावुक हो गये। कार्यक्रम में भाजपा के चुनाव सह प्रभारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, झारखंड के प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी, नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि टाइगर जिंदा है। चंपाई सोरेन ने झारखंड निर्माण को लेकर बड़ी कड़ी लड़ाई लड़ी थी और उनका ही प्रयास था कि श्रद्धेय अटल जी ने झारखंड का निर्माण किया था। उनका भाजपा में स्वागत है। चंपाई सोरेन ने बागवान की तरह जेएमएम को सींचा था लेकिन उनके साथ सौतेला व्यवहार किया। जब चंपाई सोरेन मुख्यमंत्री थे, तो इन्होंने बिचौलिये के खिलाफ कड़े निर्णय लिये, खैर इस बात से खफा जेएमएम ने इन्हें अपमानित करने का काम किया। चंपाई सोरेन झारखंड को भ्रष्टाचार से मुक्त कराने के लिए हमेशा से प्रयासरत रहे हैं। चंपाई सोरेन और भाजपा का संकल्प है कि न तो झारखंड का अपमान होने देंगे और ना ही यहां की बहन बेटी और मां का अपमान होने देंगे।

शिवराज सिंह चौहान ने जनता से पूछा कि क्या उन्हें पांच लाख नौकरी मिली, उन्हें चूल्हा भत्ता मिला, जनता को बेरोजगारी भत्ता मिला, जिसके जवाब में एक मत से ना का जवाब मिला। शिवराज सिंह ने सभी से इस बार भाजपा की सरकार को लाने का आग्रह किया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version