रांची। आजसू पार्टी ने शुक्रवार को कई विधानसभा क्षेत्रों के अलग-अलग पंचायतों में जन जागरण पदयात्रा निकालकर हेमंत सरकार की विफलताओं को जनता के समक्ष रखा। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि आज से पांच वर्ष पहले वर्तमान में सत्ता पर बैठे राजनेता लुभावने नारों एवं झूठे वादों की सीढ़ियां चढ़कर सत्ता के शिखर तक पहुंचे। इन्होंने वर्ष 2019 के चुनावी सभा में बड़े-बड़े वादे किये।
लोकलुभावन नारों के भ्रमजाल में राज्य की जनता को ठगा गया।
पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि लोगों ने इनकी बातों पर विश्वास किया और इनपर भरोसा जताया। सरकार की विफलताओं और धोखे से राज्य की जनता हताश और निराश है। आज राज्य की जनता ठगा हुआ महसूस कर रही है। युवाओं में आक्रोश है। किसानों में क्रोध है। महिलाएं मर्माहत हैं। राज्य की आम जनता के मन में प्रतिशोध की आग सुलग रही है। राज्य की तीन करोड़ जनता इस भ्रष्ट एवं विभिन्न घोटालों के जनक व पोषक सरकार को सत्ता से बेदखल करने के लिए दृढ़ संकल्पित है।
मांडू विधानसभा स्तरीय चूल्हा प्रमुख सम्मेलन सह शपथ ग्रहण समारोह आज
आजसू पार्टी के मांडू विधानसभा स्तरीय चूल्हा प्रमुख सम्मलेन सह शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन 31 अगस्त शनिवार को मांडू प्रखंड के तरवा टाँड़, मुरपा, कुज्जू में किया जाएगा। मौके पर सभी चूल्हा प्रमुख पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो की उपस्थिति में अपने पद की शपथ ग्रहण करेंगे। कार्यक्रम की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पार्टी द्वारा हर विधानसभा क्षेत्र में चूल्हा प्रमुख सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।