-महोत्सव में आतिशबाजी और लेजर शो होगा खास
रांची। बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान में 9 अगस्त से आयोजित होनेवाले दो दिवसीय झारखंड आदिवासी महोत्सव-2024 की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस बार महोत्सव झारखंड के लोगों के लिए ही नहीं, पूरे देश के लिए अनोखा रहेगा। विभिन्न राज्यों से आये लोक कलाकारों द्वारा एक से बढ़ कर एक प्रस्तुति देखने को मिलेगी। समारोह स्थल पर आकर्षक मंच बन कर तैयार हो गया है। मंच के पीछे झारखंड में आदिवासी जीवन के ग्रामीण दर्शन को दर्शाया गया है। झारखंड और अन्य राज्यों से आये चित्रकार, चित्रकला के माध्यम से झारखंड की आदिवासी संस्कृति और सभ्यता को कैनवास पर उकेर रहे हैं।
महोत्सव में विभिन्न प्रदेशों से आनेवाले कलाकारों, लोक कलाकार और चित्रकार अपने प्रदेशों से किस तरह की तैयारी करके झारखंड पहुंचेंगे, उनकी पूरी तैयारी और झारखंड पहुंचने तक पूरी यात्रा को वीडियो के माध्यम से दिखाया जायेगा। आदिवासी महोत्सव के दौरान यहां लगने वाले फूड स्टॉल में झारखंड के आदिवासी व्यंजन का भी लुत्फ ले सकेंगे। यहां एक से एक स्वादिष्ट झारखंडी व्यंजनों का पारंपरिक शैली में लुत्फ ले पायेंगे। आदिवासी महोत्सव में पहली बार आदिवासी पुस्तक मेला भी लगाया जायेगा, जिसमें झारखंड के लेखकों से जुड़ी पुस्तकों के स्टॉल भी लगेंगे।
इस बार आदिवासी महोत्सव 2024 में बेहद खास तरीके से आतिशबाजी और लेजर शो का आयोजन किया जा रहा है, जो दर्शकों को मंत्र मुग्ध कर देगा। यह सिर्फ महोत्सव नहीं झारखंड के आदिवासी संस्कृति का आइना बनेगा, जो देश ही नहीं वैश्विक पटल पर भी अपनी छाप छोड़ेगा।