रांची। झारखंड की राजधानी रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में आयोजित भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की युवा आक्रोश रैली में शामिल होने के लिए अलग-अलग जिलों से कार्यकर्ता आ रहे हैं। पुलिस जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश कर रही है, लेकिन कार्यकर्ता प्रदर्शन के लिए रांची जाने पर अड़ गए।
रिंग रोड के पास भाजपा-भाजयुमो समर्थकों को रोकने की कोशिश
राजधानी रांची के ओरमांझी में पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और भाजयुमो के कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की। रिंग रोड पर बैरिकेडिंग लगाकर पुलिस प्रशासन ने कई बसों को रोका। कार्यकर्ताओं से कहा कि वे यहां से आगे नहीं जा सकते। लेकिन, भाजयुमो और भाजपा के कार्यकर्ता नहीं माने। उन्होंने पहले झारखंड सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में बैरिकेडिंग को जबरन हटाया और वहां से रांची की ओर बढ़ गए।
ओरमांझी में रिंग रोड के पास झारखंड सरकार के खिलाफ भाजपा-भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी।
झारखंड सरकार के खिलाफ जमकर हुई नारेबाजी
भाजयुमो और भाजपा कार्यकर्ताओं ने नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के नारे लगाए। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि जब-जब हेमंत डरता है, पुलिस को आगे करता है।