पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा यानी BPSC TRE-4 की अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत राज्य में कुल 32,388 शिक्षकों के पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
जारी अधिसूचना के मुताबिक सबसे अधिक 16,101 पद कक्षा 11वीं और 12वीं के शिक्षकों के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा प्राथमिक और माध्यमिक स्तर के शिक्षकों के पद भी शामिल हैं।
शिक्षक भर्ती को लेकर लंबे समय से अभ्यर्थियों को अधिसूचना का इंतजार था। अब अधिसूचना जारी होने के बाद भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है।
सीएम ने पहले ही दी थी जानकारी
गौरतलब है कि हाल ही में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया के माध्यम से BPSC TRE-4 को लेकर जानकारी साझा की थी। उन्होंने बताया था कि शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षक भर्ती के लिए आवश्यक अधियाचना BPSC को भेज दी गई है।
अब आयोग की ओर से अधिसूचना जारी किए जाने के बाद राज्य में हजारों अभ्यर्थियों के लिए सरकारी शिक्षक बनने का अवसर सामने आया है। भर्ती से जुड़ी आवेदन प्रक्रिया, परीक्षा तिथि और अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश आयोग की अधिसूचना में दिए गए हैं।
