पूर्वी सिंहभूम। साकची थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात जुबिली पार्क के पास बाइक सवार अपराधियों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए। यह वारदात एसएसपी कार्यालय के सामने हुई, जिससे स्थानीय लोगों में खासी चिंता है।
जानकारी के मुताबिक, सोनारी के आदर्शनगर निवासी चंदना दास अपने परिवार और ननद के साथ जुबिली पार्क घूमने आई थीं। पार्क से निकलने के बाद सभी लोग साकची स्थित खाऊ गली में खाना खाने पहुंचे। जब चंदना दास एक फूड स्टॉल के सामने बैठने जा रही थीं, तभी एक बाइक पर सवार दो युवक वहां आ पहुंचे। बाइक के पीछे बैठे युवक ने उतरते ही चंदना दास के गले से सोने की चेन झपट ली और अपने साथी के साथ तेज रफ्तार से भाग निकला। पूरी घटना कुछ ही सेकंड में अंजाम दी गई और आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही अपराधी आंखों से ओझल हो चुके थे।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश काफी दूर निकल चुके थे। सूचना मिलने पर साकची थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस का दावा है कि फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह दिनदहाड़े चेन झपटमारी की दूसरी घटना है। साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव ने कहा कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों को कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।



