रांची। रांची के डोरंडा क्षेत्र से बुधवार से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता विधानसभा कर्मी बुलंद अख्तर का शव शुक्रवार सुबह धुर्वा डैम से बरामद किया गया। डैम के फाटक के पास पानी में शव तैरता देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद धुर्वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। शव की पहचान बुलंद अख्तर के रूप में होने के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। शव देखकर मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

अंतिम लोकेशन के आधार पर एनडीआरएफ ने चलाया था अभियान
बुलंद अख्तर बुधवार को अचानक घर से लापता हो गया था। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। गुरुवार को उसकी अंतिम लोकेशन और धुर्वा डैम के आसपास मिले सुराग के आधार पर एनडीआरएफ की टीम ने पूरे दिन डैम के गहरे पानी में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिली। अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा था।

आत्महत्या और दुर्घटना दोनों पहलुओं से जांच
शुक्रवार सुबह डैम के पास टहलने पहुंचे स्थानीय लोगों की नजर फाटक के करीब तैरते शव पर पड़ी। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और दुर्घटना, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। बुलंद अख्तर किन परिस्थितियों में धुर्वा डैम तक पहुंचा, इसका पता लगाने के लिए परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version