रामगढ़। रामगढ़ के पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) परियोजना परिसर में कार्य के दौरान एक संविदा कर्मी की दर्दनाक मौत हो गई, जिसके बाद प्लांट के अंदर कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। मृतक की पहचान मुकेश कुमार साहू के रूप में हुई है, जो बीएचईएल के अंतर्गत कार्य कर रही एजेंसी मेसर्स एसके सामंता के कर्मचारी थे। यह दुर्घटना प्लांट के सामग्री यार्ड क्षेत्र में घटी।
जानकारी के अनुसार, काम करने के दौरान मुकेश प्रसाद साहू को अचानक चक्कर आ गया, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वे पास ही स्थित नाले में जा गिरे, जिसके कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के तुरंत बाद उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, और फिर बेहतर इलाज के वास्ते रांची के मेडिका अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। इस दुखद घटना पर पीवीयूएनएल प्रबंधन ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान करने का भरोसा दिया है।



