रांची। आंदोलनरत छात्रों और झारखंड सरकार के बीच तीसरे दौर की वार्ता से पहले सरकार ने छात्रों की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाने के संकेत दिए हैं। कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि सरकार छात्रों की जायज मांगों को लेकर गंभीर है और दोपहर 2 बजे के बाद होने वाली बातचीत में समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
TDPL परीक्षा की जांच CID करेगी
मंत्री ने कहा कि TDPL की ओर से आयोजित परीक्षा समेत अन्य संबंधित मामलों की जांच राज्य की एजेंसी CID करेगी। उन्होंने कहा कि यदि जांच के दौरान वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े पहलू सामने आते हैं तो आवश्यकता के अनुसार प्रवर्तन निदेशालय (ED) से भी सहयोग मांगा जा सकता है।
CGL मामले पर सरकार करेगी गंभीर चर्चा
JSSC-CGL परीक्षा और नियुक्तियों को लेकर दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि छात्रों की चिंताओं से सरकार अवगत है। उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के बाद परीक्षा का परिणाम जारी किया गया और नियुक्ति पत्र भी बांटे जा चुके हैं। कई चयनित अभ्यर्थी एक साल से अधिक समय से सेवा में हैं।
ऐसे में मौजूदा नियुक्तियों को रद्द करने का फैसला आसान नहीं है। हालांकि, मंत्री ने स्पष्ट किया कि तीसरे दौर की वार्ता में सरकार छात्रों के साथ CGL के मुद्दे पर भी गंभीरता से चर्चा करेगी।
परीक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी
मंत्री ने कहा कि छात्रों की सबसे बड़ी चिंता परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता को लेकर है। सरकार परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक सुधार की तैयारी कर रही है।
इसके लिए IIT, ISM, XLRI और XISS जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञों को शामिल कर एक समिति गठित करने का प्रस्ताव है। यह समिति छात्रों, अभिभावकों, बुद्धिजीवियों और अन्य संबंधित पक्षों से सुझाव लेकर परीक्षा प्रणाली में जरूरी सुधारों की रूपरेखा तैयार करेगी।
दोपहर 2 बजे के बाद होगी वार्ता
तीसरे दौर की बातचीत आज दोपहर 2 बजे के बाद सरकार और आंदोलनरत छात्रों के प्रतिनिधिमंडल के बीच होगी। सरकार का कहना है कि संवाद के माध्यम से गतिरोध खत्म करने और छात्रों की जायज मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की कोशिश की जाएगी। अब सबकी नजरें इस वार्ता के नतीजे पर टिकी हैं।



