-एजेंसी की अलग-अलग टीमों ने एक साथ रांची, पलामू, हजारीबाग, बोकारो और धनबाद जिला के ठिकानों पर पहुंची
रांची। 14वीं जेपीएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही सीआइडी ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी की अलग-अलग टीमों ने एक साथ रांची, पलामू, हजारीबाग, बोकारो और धनबाद जिला के 18 ठिकानों पर ठिकानों पर छापेमारी की। इस संबंध में सीआइडी की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि जेपीएससी द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के संबंध में दर्ज कांड संख्या 16/2026, के अनुसंधान के क्रम में छापामारी की गयी है। परीक्षा में हुई अनियमितता से संबंधित आवश्यक दस्तावेज इलेक्ट्रॉनिक्स डिवाइसेस (लैपटॉप एव मोबाइल), विभिन्न बैंको के पासबुक-चेकबुक, विभिन्न अभ्यर्थियों क ओएमआर शीट्स की कार्बन कॉपी, एडमिट कार्डस एवं मार्कशीट्स इत्यादि बरामद किये गये।
अनुसंधान में सामने आये कई तथ्य:
सीआइडी ने बताया कि अनुसंधान के क्रम में तथ्य आये हैं कि अभियुक्त अमय तिवारी ने विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं में उत्तीर्ण की है। जिनमें वर्ष 2018 की पुलिस अवर निरीक्षक की लिखित परीक्षा, नेवी में एसएआर पद के लिए 2013 की लिखित परीक्षा, भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर में सहायक पद के लिए वर्ष 2014 की लिखित परीक्षा, आइआरबी कांस्टेबल की लिखित परीक्षा, सीआरपीएफ हेडकास्टेबल (लिखित एवं टाइपिंग) परीक्षा, नॉर्दर्न कोल फील्ड्स लिमिटेड की पीटी परीक्षा, जेएसएससी की पीजीटी टीचर एवं सीजीएल परीक्षाए तथा जेपीएससी की एसीएफ, एफआरओ, एफएसओ और 11वीं-13वीं की झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक परीक्षाएं शामिल है।
तथ्यों की जांच में जुटी एजेंसी:
सीआडी ने कहा है कि इन तथ्यों का सत्यापन आवश्यक है। तथ्यों के सत्यापन एवं अनुसंधान के क्रम में एसआइटी, सीआइडी द्वारा संबंधित परीक्षाओं के भर्ती/परीक्षा आयोजन एजेंसियों से अभियुक्त के अभ्यर्थित्व से संबंधित समस्त अभिलेख, आवेदन-दस्तावेज, मूल्यांकन अभिलेख, चयन प्रक्रिया का विवरण एवं अन्य प्रासंगिक सूचनाएं उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। एजेंसी को उम्मीद है कि इससे जांच को नयी दिशा मिल सकती है। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे और कार्रवाई हो सकती है।
पूर्व अध्यक्ष ख्यांगते से चौथे दिन पूछताछ हुई
रांची (आजाद सिपाही)। जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांगते से सोमवार को एकबार फिर पूछताछ की गयी। उन्हें चौथी बार सीआइडी ने पूछताछ के लिए अपने कार्यालय बुलाया था। बताते चलें कि इससे पहले सीआइडी ने जेपीएससी कार्यालय में छापेमारी की थी। अब तक इस मामले में परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े 11 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष कई दौर की पूछताछ हो चुकी है। जांच एजेंसी उनसे परीक्षा संचालन, प्रश्नपत्र प्रबंधन, मूल्यांकन प्रक्रिया और अन्य पहलुओं से जुड़े तथ्यों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
