-बासुकीनाथ में भी लगा भक्तों का तांता
देवघर/बासुकीनाथ। राजकीय श्रावणी मेला की पहली सोमवारी को देवघर बाबाधाम में श्रद्धालुओं का तांता लग गया। रविवार देर रात से ही श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए कतार में लगने लगे थे। शहर के शिवराम झा चौक से लेकर करीब चार किलोमीटर लंबी कतार लग गयी थी। जहां हजारों श्रद्धालु पूरी रात अपनी बारी का इंतजार करते रहे। पहली सोमवारी पर 2.5 लाख श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। वहीं, बासुकीनाथ में भी भक्तों का तांता लगा रहा। जलाभिषेक के लिए लंबी लाइन लगी।
बाबा बैद्यनाथ की हुई विशेष पूजा:
पहली सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ मंदिर में सरदार पंडा गुलाब नंद ओझा ने परंपरा के अनुसार सोमवार सुबह 4:00 बजे पूजा अर्चना संपन्न करायी। उन्होंने कहा कि सावन मास भगवान शिव की आराधना का सर्वोत्तम समय और सोमवार को सच्चे मन से गंगाजल वह बेलपत्र अर्पित करने वाले भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती है। राजकीय पूजा के बाद श्रद्धालुओं के लिए मंदिर का पट खोल दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद:
मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था की है। रविवार रात बाबा मंदिर का पट बंद होने के बाद श्रद्धालुओं को कतार में ही रोक दिया गया। कई श्रद्धालु लाइन में बैठकर सुबह का इंतजार करते रहे। सुबह पट खोलते ही श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक शुरू किया, जो देर शाम तक जारी रहा। भीड़ को नियंत्रित रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पूरे मेला क्षेत्र में मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गयी है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी बधाई
-मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पहली सोमवारी का राज्यवासियों को बधाई दी। उनका बधाई संदेश लोगों के मोबाइल पर एसएमएस के जरिये पहुंचा। उन्होंने कहा ‘श्रावण मास के प्रथम सोमवार की आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। बाबा बैद्यनाथ की असीम कृपा आप सभी पर बनी रहे। झारखंड सरकार द्वारा देवघर एवं दुमका आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गयी हैं, ताकि आपकी यात्रा सुरक्षित, सुगम एवं मंगलमय हो। जय बाबा बैद्यनाथ!’

