रांची। झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 14 अगस्त को राज्य के छह जिलों में बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, गुमला और लोहरदगा जिले शामिल हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, 16 अगस्त तक राज्य के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। इसे देखते हुए राज्य के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त महीने में झारखंड के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हो रही है। हालांकि, 1 जून से 12 अगस्त तक राज्य में कुल 492.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 627.6 मिलीमीटर होती है। इस तरह राज्य में अब तक सामान्य से करीब 21 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
पिछले 24 घंटों में खूंटी जिले के तोरपा में सबसे अधिक 69.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। राजधानी रांची में 47 मिलीमीटर बारिश हुई। तापमान की बात करें तो बहरागोड़ा में राज्य का सबसे अधिक तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लातेहार में न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
बुधवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह मौसम साफ रहा और धूप खिली रही। तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी के साथ उमस का भी सामना करना पड़ा।
मंगलवार को रांची का अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 34.8 और न्यूनतम 24.8 डिग्री, डाल्टनगंज में 33.8 और 24.2 डिग्री, बोकारो में 31.2 और 25.1 डिग्री तथा चाईबासा में 34.8 और 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग ने बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात की संभावित स्थिति को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।

