सृजन घोटाले के खिलाफ राजद की रैली भागलपुर के सैंडिस कंपाउण्ड स्टेडियम में लोगों को संबोधित करने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव आए। लोगों ने नारे लगाते हुए उनका स्वागत किया। लालू के निशाने पर भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही रहे। उन्होंने कहा कि सृजन घोटाला नहीं महाघोटाला है। उन्होंने सीएम नीतीश कुमार को पलटू घोषित किया। लालू ने नीतीश कुमार पर व्‍यंग्‍य करते हुए कहा कि ‘एगो छौड़ी बुलकी, जिने देखे दही चूड़ा, ओने जा के हुलकी।’

रैली में जुटी भीड़ को स्थानीय नेता के संबोधन के बाद पूर्व उपमुख्यमंत्री और विरोधी दल के नेता तेजस्वी यादव ने मंच की कमान संभाली्। उनके निशाने पर रहे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार।

उन्होंने जमकर सीएम नीतीश पर अपनी भड़ास निकाली। तेजस्वी ने अपने संबोधन में आरोप लगाते हुए सृजन के लूट में शाहनवाज, गिरिराज, चौबे दुबे सब को शामिल बताया। तेजस्वी ने सृजन घोटाले से जुड़े 10 सवाल किए और सीबीआई और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जवाब मांगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि सृजन घोटाले की जानकारी नीतीश को पहले से थी। उन्होंने सृजन घोटाले को व्यापमं घोटाले से भी बड़ा घोटाला करार देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के इशारे पर घोटाले से जुड़े दस्तावेजों को नष्ट करने की साजिश रची गई। संबोधन के दौरान तेजस्वी ने कहा -सभा का नाम सृजनों के दुर्जनों का विसर्जन रखा गया है।

भागलपुर से इसकी शुरूआत हुई है। सत्ता के नशे में चूर नेताओं ने मुख्यमंत्री के संरक्षण में सरकार का पैसा लूटा और लुटवाया। तेजस्वी तो बहाना था, इनको सृजन का पाप छुपाना था। हर जिले में जाकर सृजन के दुर्जनों का विसर्जन करेंगे। बिहार की जनता को सड़कों पर उतरने की जरूरत है। सृजन की लूट में भाजपा के कई बड़े नेता शामिल थे। हमलोग साथ थे तो इन्हें घोटाला करने में नहीं बन रहा था। इसलिये इन्हें पार्टनर चाहिए था। नैतिक भ्रष्टाचार किये हैं। कुछ भी होता है तो कहते हैं मेरी अंतरात्मा बोली। सृजन में क्यों नही आत्मा जगी, अब उनके आत्मा में मोदी और बीजेपी की आत्मा प्रवेश कर गयी है। यह व्यापम घोटाले से भी बड़ा है। सीबीआई को भी निष्पक्ष जांच करते हुए सभी आरोपितों पर एफआईआर दर्ज करना चाहिए।
इससे पहले तेजप्रताप यादव ने लालू यादव के अंदाज में कहा कि- सबौर में सृजन कार्यालय के बाहर धरना देंगे। सरकार हमे जेल भेजेगी। पूरे बिहार का जेल कम पड़ जाएगा, उन्हें नया जेल बनाया जाएगा।

राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव थोड़ी देर में सभा को संबोधित करेंगे। दोनों नेता शनिवार की रात ही भागलपुर पहुंच गए थे। कार्यक्रम का नाम सृजन के दुर्जन का विसर्जन सभा रखा गया है। आसपास के कई जिलों के कार्यकर्ता और नेता पहुंच चुके हैं।

सियासत:लालू का आरोप, सुशील मोदी की बहन रेखा हैं सृजन की पार्टनर

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद और विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव सैंडिश के बगल में ही वह सर्किट हाउस में रुके हैं। यहां सुबह से ही राजद कर्तकर्ताओं की भारी भीड़ लगी है। भीषण गर्मी के कारण कई लोग आसपास पेड़ों के नीचे बैठे हैं। मंच के आस-पास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

लाइव अपडेट्स

03.45 मंच पर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव भाषण देने पहुंचे। समर्थकों ने नारेबाजी कर उनका स्वागत किया।

03.00 तेजस्वी के संबोधन के बाद रघुवंश सिंह ने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने भी भरे मंच से मुख्यमंत्री को ही निशाने पर रखा।

02.31 मंच पर पूर्व उप मुख्यमंत्री और नेता विपक्ष तेजस्वी यादव लोगों की उमड़ी भीड़ को संबोधित कर रहे हैं।

02.26 रैली को लालू के बड़े बेटे और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव संबोधित कर रहे हैं।

02.20 सांसद जयप्रकाश यादव सांसद ने लोगों को सबोधित करते हुए कहा कि इस देश मे भाजपा से लड़ने की ताकत है तो लालू में। उन्होंने आरोप लगाया कि सबौर में रैली के लिए जगह मांगने पर नही दी गई। सबौर में सृजन घोटाले का केंद्र बना। कहा- स्मार्ट सिटी नही बनाया घोटाले का शहर बनाया। यही मेक इन इंडिया है। उन्होंने कहा कि 2019 में बीजेपी को नेस्तनाबूद किया जाएगा । लालू प्रसाद को इनके बच्चों को परेशान किया जा रहा है। मंडल पर वार हो रहा है। आडवाणी का रथ जैसे लालू ने पकड़ा था उसी तर्ज पर भाजपा को रोकेगा।

02.15 भागलपुर के सांसद बुलो मंडल ने तेजप्रताप की तारीफ की। कहा- तेजप्रताप अध्यात्म से ओतप्रोत हमारे भाई। वहीं उन्होंने कहा कि सृजन के दुर्जन का विसर्जन आज से निश्चय ही होगा। उन्होंने कहा कि – मोदी को मोदी के स्टाइल में जवाब देने की क्षमता सिर्फ लालू प्रसाद में। सांसद बुलो मंडल का दावा, कहा- 6 माह में नीतीश की सरकार गिर जाएगी

02.00 तमाम सुरक्षा तामझाम बेकार D ऐरिया में भर गए लोग

01.45 मंच पर स्थानीय नेता और विधायक लोगों को संबोधित कर रहे हैं। सभी के निशाने पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी हैं।

01.38 राजद समर्थकों की भीड़ बार-बार डी ऐरिया में घुस रही है। पुलिस बार-बार लोगों को बाहर निकाल रही है।

01.34 परिसदन से निकले लालू और तेजस्वी यादव मंच पर पहुंचे

01.20 परिसदन जहां लालू और तेजस्वी यादव ठहरे हैं वहां से मंच के लिए नेता निकले।

01.10 रघुवंश प्रसाद सिंह मंच पर पहुंचे।

01.05 पूर्व विधायक रामदेव यादव ने लगाया आरोप- सुशील मोदी की बहन के खाते में घोटाले का पैसा गया है। वहीं छात्र राजद नेता डॉ. आनंद आजाद का आरोप सृजन घोटाले में सरकारी राशि की लूट हुई। उस पैसे से शहर में बड़ी बड़ी बिल्डिंग खड़ी हुई। उस पैसे से शाहनवाज चुनाव लड़े हैं। गिरिराज सिंह को पैसा गया है।

01.00 रैली में जुटी भीड़ को अभी स्थानीय नेता संबोधित कर रहे हैं।

12.45 सृजन घोटाले के खिलाफ राजद की रैली भागलपुर के सैंडिस कंपाउण्ड स्टेडियम में शुरू हो गई।

12.30 सैंडिस कंपाउंड में सभास्थल पर बनाए गए मंच पर जुटे नेता।

12.20 मैदान में दिखने लगी भीड़, हाथों में पोस्टर बैनर लेकर पहुंचने लगे।
11: 50 मैदान मे भीड़ अब जुटने लगी है। बेलहर के एमएलए रामदेव यादव भी आये।

11: 38 सांसद बुलो मंडल पहुचे मंच पर
11: 30 सैंडिस कंपांउंड के बगल में स्थित सर्किट हाउस में जहां लालू और तेजस्वी ठहरे हैं वहां रैली में जाने से पहले लालू प्रसाद यादव के वाहन की जांच करते सुरक्षा बल

10: 50 गर्मी की परवाह न करते हुए धीरे-धीरे जुटने लगे लोग

10:40: परिसदन में लालू प्रसाद यादव नेता व कार्यकर्ता से मिल रहे है। उन्होंने नेता व कार्यकर्ता को फटकार लगाते हुए कहा- सभी सभास्थल पर जाएं

10:30: राजद के जिलाध्यक्ष तिरुपति नाथ यादव मंच पर कुछ समर्थकों के साथ पहुंचे

10:25: मैदान से ज्यादा सर्किट हाउस में भीड़, जहां राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव ठहरे हुए हैं।

10:25: गर्मी के कारण कुछ लोग और पुलिसकर्मी छांव में बैठे हैं।

10:20: अभी न मंच पर नेता न मैदान में भीड़

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version