नयी दिल्ली: भारतीय वायु सेना के मार्शल अर्जन सिंह का दिल्ली के आरआर अस्पताल में निधन हो गया । 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि 98 वर्षीय अर्जन सिंह भारतीय वायुसेना के एक मात्र अधिकारी रहे, जिनकी पदोन्नति पांच सितारा रैंक तक हुई। यह सेना में फील्ड मार्शल के ओहदे के बराबर है। उन्हें आज सुबह दिल का दौरा पड़ा जिसके बाद उन्हें सेना के रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अर्जन सिंह की तबीयत खराब होने की जानकारी मिलते ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण उनका हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे। अस्पताल से लौटकर पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ‘आर एंड आर अस्पताल जाकर भारतीय वायु सेना के मार्शल अर्जन सिंह का हालचाल जाना जो गंभीर रूप से बीमार हैं। मैंने उनके परिवार के लोगों से भी मुलाकात की।’ प्रधानमंत्री ने कहा, ‘भारतीय वायु सेना के मार्शल अर्जन सिंह के जल्द ठीक होने की हम सब प्रार्थना करते हैं। चिकित्सक उन्हें बचाने के लिए प्रयासरत हैं।’
भारतीय सैन्य इतिहास के नायक रहे सिंह ने 1965 की लड़ाई में भारतीय वायुसेना का नेतृत्व किया था। पाकिस्तान ने 1965 में ऑपरेशन ग्रैंड स्लैम शुरू किया जिसमें उसने अखनूर शहर को निशाना बनाया, तब सिंह ने साहस, प्रतिबद्धता और पेशेवर दक्षता के साथ भारतीय वायु सेना का नेतृत्व किया।