रांची: रघुवर सरकार की उपलब्धियों के 1000 दिन के उपलक्ष्य में कार्यक्रमों की सीरीज आज से शुरू हो रही है। इस कड़ी में सोमवार को झारखंड की कई महत्वपूर्ण सड़कों और पुलों का शिलान्यास होगा, जिनकी बाट लोग जोह रहे थे। रांची के विधानसभा मैदान में केंद्रीय सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के हाथों 5500 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास किया जायेगा। साथ ही एनएचएआइ की सड़कों का भी शिलान्यास होगा।
आगाज आज, दुमका में 22 को समापन
सीएम रघुवर दास पांचों प्रमंडलों में विशाल रैली करेंगे। इसकी शुरुआत सोमवार को रांची में होनेवाली रैली से होगी। वहीं 22 सितंबर को समापन समारोह उप राजधानी दुमका में होगा। रघुवर मंत्रिमंडल के मंत्री सभी 24 जिलों में जनसभाएं करेंगे। प्रत्येक मंत्री को दो से तीन जिलों की जवाबदेही सौंपी गयी है। पहला चरण भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के आगमन से पूर्व 11 से 14 सितंबर तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण अमित शाह के वापस जाने के बाद 18 से 22 अक्टूबर तक चलेगा।
शिलान्यास के साथ काम भी शुरू होगा
एनएचएआइ की तीन बड़ी परियोजनाओं रांची-बीजूपाड़ा, बीजूपाड़ा-कुड़ू और पिस्का मोड़-पलमा के फोर लेन का शिलान्यास होगा। इन योजनाओं का टेंडर भी हो गया है। इसके साथ ही काम भी शुरू हो जायेगा।
मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
*12 बजे रांची एयरपोर्ट पर आगमन
*12.45 बजे विधानसभा मैदान स्थित कार्यक्रम में करेंगे शिरकत
*कार्यक्रम के दौरान 1000 दिन की उपलब्धियों की पुस्तिका का करेंगे विमोचन।
*कई सड़क परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास, उद्घाटन।
*कार्यक्रम स्थल पर ही करेंगे लंच।
*5.30 बजे रांची से दिल्ली के लिए करेंगे प्रस्थान।