रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि वर्ष 2020 तक झारखंड में कोई गरीब बेघर नहीं रहेगा। रांची में बननेवाली स्मार्ट सिटी का अनुकरण पूरा देश करेगा। इस ग्रीन फील्ड स्मार्ट सिटी में सारी सुविधाएं रहेंगी। झारखंड बनने के साथ ही नयी रांची का सपना, जो राजधानीवासियों ने देखा था, उसे पूरा करने की शुरुआत आज से हुई है। हमारी सरकार के बने अभी एक हजार दिन भी पूरे नहीं हुए हैं और स्मार्ट सिटी का काम धरातल पर उतर गया है।

समय से पूर्व करेंगे स्मार्ट सिटी का निर्माण : मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार समय से पूर्व स्मार्ट सिटी के निर्माण का काम पूरा करेगी। शहरों के साथ-साथ हमारी सरकार गांव को भी स्मार्ट बनाने के लिए काम कर रही है। गांवों में सारी सुविधाएं मिलें, इसकी व्यवस्था की जा रही है। सीएम ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आह्वान किया है कि 2022 में जब देश आजादी की 75वीं सालगिरह मनायेगा, तब कोई भी बेघर नहीं रहेगा। झारखंड सरकार भी इस दिशा में तेजी से काम कर रही है। दो अक्टूबर तक हम 20 हजार परिवारों को गृह प्रवेश करायेंगे। 15 नवंबर तक ग्रामीण क्षेत्र में भी काफी संख्या में परिवारों को गृह प्रवेश कराया जायेगा। एचइसी के योगदान की सराहना करते हए उन्होंने कहा कि एचइसी के अधिकारियों के प्रयास से यह संभव हो सका है।
बहुरेंगे एचइसी के दिन : मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मार्ट सिटी बनने से एचइसी के दिन बहुरेंगे। आर्थिक उदारीकरण के बाद एचइसी की हालत बिगड़ती चली गयी, लेकिन अब इसमें बदलाव आयेगा। मेक इन इंडिया और मेक इन झारखंड की दिशा में हम आगे बढ़ रहे हैं। एचइसी ने रूस की कंपनी से मोमेंटम झारखंड के दौरान एमओयू पर हस्ताक्षर किया है। आनेवाले दिनों में रक्षा और बिना रेलवे परिचालन बाधित किये रेलवे के रख-रखाव के लिए उपकरण का निर्माण एचइसी करेगा। मेक इन झारखंड का सपना साकार होगा और मेक इन इंडिया की बदौलत भारत दुनिया का बाजार बनेगा। इसी सोच के साथ राज्य सरकार कार्य कर रही है। सीएम ने कहा कि स्मार्ट सिटी का निर्माण रांची में हो रहा है। इसमें उपराष्ट्रपति का सकारात्मक सहयोग प्राप्त हुआ। राज्य की सवा तीन करोड़ जनता की ओर से उन्हें धन्यवाद। राज्य की जनता इस कार्य में सहयोग प्रदान करे, यही सबसे अपेक्षा है।

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि प्रधानमंत्री और उपराष्ट्रपति का सपना है कि देश के विभिन्न राज्यों में स्मार्ट सिटी का निर्माण हो, ताकि न्यू इंडिया की परिकल्पना सार्थक हो सके। झारखंड उनके सपने को सार्थक करेगा। एचइसी  के जिस परिसर में स्मार्ट सिटी का निर्माण हो रहा है, उसके लिए राज्य सरकार ने एचइसी  को 743 करोड़ की राशि उपलब्ध करायी है। उपलब्ध राशि से एचइसी मजदूरों और कंपनियों के बकाये का भुगतान करेगा। स्मार्ट सिटी का निर्माण तय समय में पूर्ण होगा, ताकि झारखंड वासी कह सकें कि देश की पहली स्मार्ट सिटी झारखंड की राजधानी रांची  में बनी है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version