रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने कहा है कि देश की मौजूदा स्थिति और केंद्र सरकार के कामकाज के कारण भाजपा कार्यकर्ताओं में हताशा और निराशा का माहौल है। यही वजह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सीधा संवाद के दौरान हजारीबाग समेत देश भर के विभिन्न हिस्सों के भाजपा कार्यकर्ताओं ने विपक्षी दलों से निपटने के उपाय के बारे में ही जानकारी मांगी।

कहा कि देश की जनता में बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बेतहाशा वृद्धि से इतना आक्रोश है कि इस स्थिति से निपटने के लिए वे रास्ता ढूढंते नजर आ रहे हैं। सबसे दु:खद पहलू यह है कि भाजपा के किसी भी बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतों पर अंकुश, साल में दो करोड़ लोगों को रोजगार देने और विदेशों में जमा कालाधन की वापसी को लेकर प्रधानमंत्री से कुछ सवाल नहीं किया। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद के नाम पर सरकारी संस्थाओं का दुरूपयोग किया गया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version