बोकारो। हरला थाना इलाके में बुधवार को डायरिया से पीड़ित पिता-पुत्री की मौत हो गई जबकि मृतक के बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक पिता-पुत्री मंगलवार से ही डायरिया से पीड़ित थे। इसके बाद उन्होंने स्थानीय झोलाछाप डॉक्टर से ही इलाज कराना शुरू किया। सुबह जब हालत बिगड़ने लगी तो दोनों को अस्पताल ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही दोनों की मौत हो गई। फिलहाल, मौके पर स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची है और साफ-सफाई का जायजा ले रही है।
बेटे को भी डायरिया, पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती
सेक्टर 9ए के स्ट्रीट 11 और स्थित झोपड़ियों में गंदगी के चलते डायरिया का प्रकोप है। मृतक की पहचान 50 वर्षीय नागो रजक और मृतका की पहचान छह वर्षीय खुशबू कुमार के रुप में हुई है। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के 12 वर्षीय रोहित कुमार को ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया है।
कई अन्य डायरिया से पीड़ित अस्पताल में भर्ती
स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके में इनदिनों डायरिया का प्रकोप है। कई लोग इसकी चपेट में हैं। अस्पताल में भर्ती पीड़ितों में 17 वर्षीय आरती कुमारी, 18 वर्षीय श्वेता कुमारी, 40 वर्षीय चम्पा देवी और आठ वर्षीय आरुषि कुमारी शामिल है। सभी स्थानीय ग्लोबल हॉस्पिटल में अपना इलाज करा रहे हैं।