रांची. पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि पहले दिन से ही केंद्र सरकार जनता के बीच धर्म एवं जाति को लेकर वैमनस्यता फैलाने के अपने एजेंडे पर कार्य कर रही है। इस सरकार में सांप्रदायिक हिंसा, माॅब लिचिंग की घटनाओं में बढ़ोतरी दर्ज की गई है,सीमा पर जवानों के और देश के अंदर किसानों की मृत्यु में इजाफा हो गया है परंतु इनसे बेखबर प्रधानमंत्री विदेशी दौरा में समय व्यतीत कर रहे हैं और अपने व्यवसायिक मित्रों के हितों के लिए नये-नये हथकंडे अपना रहे हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए आने वाले दिन संघर्षमय : सुबोधकांत सहाय सोमवार को रांची महानगर कांग्रेस कमिटी के द्वारा आयोजित डोरंडा एवं हिनू का प्रखंड स्तरीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। इस अवसर पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय पांडेय भी शामिल थे। सम्मेलन की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष मो मोइन एवं संतोष सिंह ने किया। सुबोधकांत सहाय ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के लिए आने वाला एक-एक दिन संघर्षमय है और इस संघर्ष के लिए हमारे पास समय कम है।
झारखंड सरकार जनता को कर रही गुमराह : सम्मेलन को संबोधित करते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय पांडे ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा किये जा रहे जनविरोधी कार्यों एवं घोटालों को जनता के समक्ष तर्कपूर्ण ढंग से रखना आवश्यक है और महानगर कांग्रेस के कार्यकर्ता नोटबंदी और राफेल घोटाले का सच जनता के सामने रखेंगे। इसे एक अभियान के रूप में चलाया जायेगा। पांडे ने कहा कि वर्तमान झारखंड सरकार भी जनता को बरगलाने हेतु सामाजिक माहौल को बिगाड़ने का प्रयास कर रही है ताकि जनता को मूल समस्याओं से भटकाया जा सके।
सम्मेलन को प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, विनय सिन्हा, अजय नाथ शाहदेव, पार्षद सबिता कुजूर, राजकुमार सिंटू, दीपक राम, निक्की वर्मा, आदि ने भी संबोधित किया। मंच का संचालन शंभू गुप्ता ने किया। सम्मेलन में मुख्य रूप से गौतम उपाध्याय, संजय कुजूर, रवि पासवान, सुनील दास, सूरज साहू, परदेशी नायक,सन्नी, ललन विकास, पिंकू, राकेश, मो मंसूर, मो अशरफ, मो अरशद, निर्मल लिंडा, अनिल लकड़ा, शबीना खातून, सीमा प्रवीण, नईमा खातून, सुनीता देवी, सरोज कुमार, अमिता तिग्गा, रजा, मुजीब, आफताब सहित सैंकड़ो लोग उपस्थित थे।