रांची। राजधानी रांची में स्वच्छता ही सेवा अभियान की शुरुआत शनिवार को डीबडीह स्थित नया टोली बस्ती से की गई। यह बस्ती स्लम क्षेत्रों में शामिल है। पूरे बस्ती में गांव जैसा नजारा है। गरीब आदिवासी परिवार इस क्षेत्र में निवास करते हैं। इसलिए मुख्यमंत्री ने स्वच्छता ही सेवा अभियान की शुरुआत यहां से की। शनिवार को राज्य के कई मंत्री और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मुख्यमंत्री रघुवर दास नया टोली पहुंचे। उन्होंने बस्ती के अंदर जाकर साफ सफाई देखी और झाड़ू भी लगाया। लोगों से प्रतिदिन एक घंटा साफ सफाई के लिए श्रमदान करने का आह्वान भी किया।
अभियान 2 अक्टूबर तक चलाया जाना है
उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज पारंपरिक तरीके से घर का निर्माण करता है और उसे साफ व स्वच्छ भी रखता है। इससे सभी समाज को सीखने की जरूरत है। नया टोली में जिस तरह से लोग रह रहे हैं, उससे स्वच्छता ही सेवा है, अभियान को नई प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्मदिन 2 अक्टूबर तक चलाया जाना है। लेकिन इसके बाद भी यह अभियान बंद नहीं किया जा सकता। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति इस अभियान को प्रतिदिन करने का संकल्प लें।
स्वास्थ्य बीमा योजना के शुभारंभ की जानकारी भी लोगों को दी
मुख्यमंत्री ने कहा- साफ और स्वच्छ रहेंगे तो बीमारी नहीं होगी। मलेरिया, डेंगू ,चिकनगुनिया हैजा जैसी बीमारियां गंदगी से उत्पन्न होती है। हमें इन बीमारियों से निपटने पर प्रतिवर्ष प्रति व्यक्ति लगभग 6500 रुपए का खर्च आता है। कई बार आर्थिक स्थिति खराब होने की वजह से बीमारी लोगों को मार देती है। हालांकि उन्होंने 23 सितंबर को देश के सबसे बड़े स्वास्थ्य बीमा योजना के शुभारंभ की जानकारी भी लोगों को दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजधानी रांची से इस योजना की शुरुआत करेंगे। इस मौके पर 5 लोगों को स्वास्थ्य कार्ड सौंपा जाएगा।
मुफ्त एलपीजी गैस कनेक्शन और चूल्हा देने का भी भरोसा दिया
इसके बाद राज्य भर के 57,00000 परिवारों के बीच स्वास्थ्य बीमा योजना का हेल्थ कार्ड दिया जाएगा। नया टोली बस्ती में जितने परिवार रह रहे हैं, उन्हें मुफ्त एलपीजी गैस कनेक्शन और चूल्हा देने का भी भरोसा दिया। मौके पर नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने कहा कि झारखंड को पूरी तरह साफ व स्वच्छ बनाने की दिशा में नगर विकास कार्य कर रहा है। आने वाले समय में शहर में इसका बड़ा असर दिखेगा। लोगों को भी सहयोग करने की जरूरत है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी, ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, शिक्षा मंत्री नीरा यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, सांसद रामटहल चौधरी सहित कई विधायक और कार्यकर्ता उपस्थित थे।