रांची। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में लक्ष्मण गिलुआ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी राज्यों से संपर्क कर स्वच्छता को आम जनता का अभियान बनाने का काम किया है। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने अजेय भारत अटल भाजपा और मेरा बूथ सबसे मजबूत का नारा दिया है। इस नये नारे के साथ ही नया भारत का संकल्प लिया गया है। इसके लिए केंद्र एवं राज्य सरकार लगातार काम कर रही है।

मिशन 2019 के तहत भाजपा ने 350 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने अपने दो प्रवास के दौरान 23 प्रकार के संगठनात्मक कार्य सौंपे थे, जिसे हमें हर हाल में पूरा करना है। यदि ये 23 कार्य पूरे हो गये, तो मिशन 2019 के लक्ष्य को हम आसानी से प्राप्त कर लेंगे। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष ने अटल जी को भी याद किया। कहा कि अटल जी ने जिस संघर्ष से पार्टी को आगे बढ़ाया, उसे भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने बताया कि उनके निधन के एक माह पूरे होने पर 16 सितंबर को पूरे देश में पार्टी की ओर से काव्यांजलि का आयोजन किया जा रहा है। संगठनात्मक कार्य की जानकारी देते हुए कहा कि 17 से 25 सितंबर तक राज्य के सभी क्षेत्रों में मेडिकल कैंप लगाकर गरीबों की सेवा करनी है। उन्होंने अपने संबोधन में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा जनहित में किये गये कार्य का उल्लेख किया। उन्होंने विशेष रूप से आयुष्मान भारत का जिक्र किया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस योजना का शुभारंभ 23 सितंबर को झारखंड से करेंगे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version