नोएडा : पति के साथ विवाद से नाराज होकर एक महिला अपनी ढाई साल की इकलौती बच्ची को बस स्टैंड पर छोड़कर चली गई। लोगों ने बच्ची को बिलखते देखा तो 100 नंबर पर फोन किया। मौके पर पहुंची पीआरवी बच्ची को थाने ले गई। इसके बाद महिला की तलाश कर बच्ची को सौंप दिया गया।
एसएचओ राजपाल सिंह तोमर ने बताया कि पश्चिम बंगाल के मालदा जिले की रहने वाली रिंकी फेज-टू इंडस्ट्रियल एरिया में पति रतन के साथ रहती है। रतन फैक्ट्रियों में बेलदारी करता है। पति-पत्नी के बीच घरेलू मसले पर 3 दिन से विवाद चल रहा था। इससे नाराज होकर रिंकी सेक्टर-83 में रहने वाली अपनी मां के घर चली गई। मां रिंकी को अपने पास रखने के लिए राजी हो गई लेकिन नातिन को दामाद के घर छोड़कर आने के लिए कहा।
रिंकी के मुताबिक मां का गुस्सा देख वह बेटी को पास के बस स्टैंड पर छोड़कर चली गई। सोचा था कि मां दोपहर में काम पर चली जाएगी, तब वह बेटी को ले जाएगी। इससे पहले पुलिस ने उसे बुला लिया। एसएचओ ने बताया कि बच्ची को स्टैंड पर छोड़ते वक्त महिला को एक व्यक्ति ने देख लिया था। वह महिला की झुग्गी जानता था। उसके जरिए पुलिस महिला तक पहुंच गई।