रांची। हॉकी इंडिया की ओर से 5A साइड हॉकी इंडिया सीनियर नेशनल चैंपियनशिप 2018 का आयोजन 18 से 23 सितंबर तक बेंगलुरू में किया गया। जहां झारखंड महिला हॉकी टीम ने हरियाणा को पेनल्टी शूटआउट में 6-5 से हराकर पहली बार विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया है। झारखंड हॉकी ने हटिया स्टेशन पर विजेता टीम का जोरदार स्वागत किया।
झारखंड की महिला हॉकी टीम ने हरियाणा को हराकर राष्ट्रीय चैंपियन बनकर इतिहास रच दिया है। झारखंड की जीत में सिमडेगा जिले के खिलाड़ियों की अहम भूमिका देखने को मिली है। टीम में 6 खिलाड़ी सिमडेगा से ही है। इस टीम की जीत से पूरे झारखंड में जश्न का माहौल देखा जा रहा है। बेंगलुरू में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद टीम बुधवार को झारखंड लौट आई है।
अल्लेप्पी धनबाद एक्सप्रेस से लौटी टीम का स्वागत झारखंड हॉकी संघ ने भव्य तरीके से किया। हटिया स्टेशन पर जैसे ही टीम के सदस्य ट्रेन से बाहर आए लोगों ने बाहें फैलाकर उनका जोरदार स्वागत किया। फूल-माला पहनाकर और बधाइयां देते हुए इस टीम को झारखंड का मान बढ़ाने के लिए ढेरों शुभकामनाएं दिया गया।
राज्य भर में खुशी का माहौल
टीम की जीत से राज्य भर में खुशी का माहौल देखा जा रहा है। हटिया स्टेशन पर हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोला नाथ सिंह के साथ हॉकी झारखंड के पदाधिकारियों ने भी खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया।