मरकच्चो। नवलशाही थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरनानगर में दहेज को लेकर एक विवाहिता को जिंदा जलाकर मार डालने का मामला प्रकाश में आया है। घटना शनिवार की देर शाम की बतायी जाती है। घटना को लेकर मृतका सीमा देवी की मां कोडरमा निवासी चंद्रिका देवी ने थाना में आवेदन देकर ससुराल वालों के विरूद्घ मामला दर्ज कराया है।
जिसमें मृतका के पति बिनोद साव, ससुर बुलाकी साव, सास तारा देवी, भैंसुर सरयु साव, गोतनी सोनी देवी को आरोपी बनाया है। आवेदन में कहा गया है कि सीमा की शादी हिन्दु रीति रिवाज से 6 वर्ष पूर्व बुलाकी साव के पुत्र बिनोद साव के साथ हुई थी। विवाह के समय उसने अपनी पुत्री के ससुराल वालों को अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार दहेज दिया था, परंतु विवाह के कुछ दिनों के बाद से उसके दमाद और उसके परिजन दहेज में अतिरिक्त राशि एवं मोटरसाईकिल की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे।
जिसे लेकर पंचायत भी हुई थी। 1 सिंबर की शाम 7:30 बजे उन्हे फोन पर सूचना मिली की उनकी पुत्री सीमा की मृत्यु हो गई है। जब वो अपने पुत्र राहुल कुमार एवं आस पड़ोस के लोगों के साथ अपनी पुत्री के ससुराल पहुंचे तो वहां उसके अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। मृतक पुत्री के शव के गले पर रशि का निशान था और उसके हाथ बंधे हुए थे। उन्हे आशंका है कि उनकी पुत्री का गला दबाकर हत्या कर दी गई और कैरोसिन डालकर जला दिया गया।
उपरोक्त आवेदन के आधार पर नवलशाही थाना में मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी शाहीद रजा ने मृतका के पति बिनोद साव, ससुर बुलाकी साव तथा सास तारा देवी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य दो अभियुक्त फरार बताये जाते हैं। मृतका के दो छोटे बच्चे भी हैं।