रांची। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआइ) के संयुक्त निदेशक और झारखंड कैडर के आइपीएस अधिकारी अजय कुमार भटनागर की बर्खास्तगी की मांग की गयी है। इस बाबत सीबीआइ की इंटरपोल शाखा में कार्यरत डीएसपी एनपी मिश्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। पत्र में सीबीआइ के संयुक्त निदेशक (प्रशासन) एके भटनागर को सेवा से बर्खास्त करने का आग्रह किया गया है। मिश्रा ने पत्र में लिखा है कि भटनागर झारखंड के बकोरिया में फर्जी मुठभेड़ में 14 लोगों की मौत के मामले में संलिप्त हैं। सीबीआइ इस मामले की अभी जांच कर रही है। भटनागर के सेवा में रहने से अनुसंधान प्रभावित हो सकता है और इससे संगठन की साख पर आंच आ सकती है।
सबसे अमीर अफसरों में शुमार हैं भटनागर
भटनागर झारखंड कैडर के 1989 बैच के आइपीएस हैं। उल्लेखनीय है कि झारखंड पुलिस के कई बड़े पदों पर भटनागर रह चुके हैं। जनवरी 2019 में झारखंड कैडर के आइपीएस ने गृह मंत्रालय को अपनी अचल संपत्ति का ब्योरा सौंपा था। इसमें सबसे अधिक अमीर अधिकारी भटनागर ही थे। वह अपनी पत्नी के साथ संयुक्त राष्टÑ में भी पदस्थापित रह चुके हैं। इसके अलावा संयुक्त राज्य अमेरिका, यूरोप और अफ्रीका में पोस्टिंग के दौरान उन्हें यूएस डॉलर में वेतन मिलता था। उन्होंने इस वेतन से नोएडा में 2.40 करोड़ और सेक्टर 44 में 2.25 करोड़ का फ्लैट खरीदा है। साथ ही नोएडा में ग्रीनवुड्स आॅफिसर्स वेलफेयर सोसायटी में भी 65 लाख के बाजार मूल्य के फ्लैट की बुकिंग की गयी थी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version