कोडरमा. थाना क्षेत्र अंतर्गत चेहाल पंचायत के पपराओ में एक विवाहिता ने ससुरालवालों की प्रताड़ना से तंग आकर केराेसिन तेल छिड़ककर आग लगा ली। घटना में महिला की मौत हो गई। घटना शुक्रवार की शाम पांच बजे की बताई जा रही है। मृतका की पहचान पपराओ निवासी लक्ष्मण सिंह की पत्नी लक्ष्मी देवी (27) के रूप में की गई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे मृतका के भाई बिरनी थाना क्षेत्र के खरखरी निवासी रंजीत राय ने मृतका के पति लक्ष्मण सिंह को छोड़ कर सास ससुर, वार्ड सदस्य सहित 15 लोगों पर प्रताड़ित कर किरासन तेल छिड़ककर जान से मार देने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। दर्ज मामले में सास शिमला देवी, ससुर दुर्गा सिंह, मैसूर सुरेश सिंह ,गोतनी गीता देवी, रामचंद्र सिंह, मुन्नी देवी, देवर राजू सिंह, उमेश सिंह, वीरेंद्र सिंह, विनोद सिंह, श्याम सुंदर सिंह के बड़ा लडका, उमा देवी, सुदीप सिंह, दिलीप सिंह, दीपक सिंह नामजद आरोपी बनाया गया है।

आवेदन में मृतका के भाई रंजीत राय ने कहा है कि शुक्रवार की संध्या 6 बजे बहन के ससुराल से फोन कर बोला गया कि तुम्हारे बहन लक्ष्मी देवी की मृत्यु हो गई है। सूचना पाकर वे अपने परिवार के साथ बहन के ससुराल पहुंचे तो देखा गया कि उसकी बहन पूरी तरह जली पड़ी है। उधर, सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। लक्ष्मी देवी की शादी 2008 में हुई थी। उसके दो पुत्र हैं।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version