रांची। शारदीय नवरात्र के पहले दिन मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कलश स्थापित कर शक्ति की अधिष्ठात्री देवी की पूजा की। उन्होंने पूरी श्रद्धा-भक्ति से शक्तिदायिनी मां दुर्गा के पहले स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की। सीएम ने अपने सरकारी आवास में कलश स्थापित कर पूजा-अर्चना की। सीएम ने अपने ट्वीट में लिखा – जय माता दी! आप सभी को नवरात्र की हार्दिक शुभकामनाएं। मां दुर्गा हम सभी के जीवन में नये उत्साह, जोश और नयी उमंग का संचार करें। मां जगदंबे सबकी मनोकामना पूर्ण करें और सबकी झोली खुशियों से भर दें। जय माता दी। सीएम ने अपने दूसरे ट्वीट में लिखा, रूपं देहि, जयं देहि, यशो देहि, द्विषो जहि। वृषभ पर आरूढ़ कमल और त्रिशूल को धारण करने वाली मां शैलपुत्री आपके जीवन को सुख तथा समृद्धि से
परिपूर्ण करें।
घरों में की गयी कलश स्थापना
रांची। शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को लोगों ने अपने-अपने घरों में कलश स्थापना की और देवी दुर्गा की आराधना शुरू की। घरों में दुर्गा सप्तशती के पाठ का दौर भी शुरू हो गया। मंदिरों में भी पूजा-अर्चना की गयी और बड़ी संख्या में लोग देवी-देवताओं के दर्शन-पूजन के लिए उमड़े। पूरा माहौल भक्तिमय हो गया है। इसके साथ ही पूजा पंडालों के निर्माण के काम में तेजी आ गयी है। भारी बारिश के कारण हालांकि इसमें रुकावट आयी है, लेकिन आयोजकों का कहना है कि पट खुलने तक मौसम साफ हो जायेगा और काम भी पूरा हो जायेगा।
प्रदेश चुनाव प्रभारी ने शुरू की मौन साधना
फालना (राजस्थान)। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और झारखंड के विधानसभा चुनाव प्रभारी ओम प्रकाश माथुर ने प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी अपने निवास स्थान ग्राम बेडल (फालना) में नौ देवियों की शक्ति आराधना के पावन पर्व पर कलश स्थापित की। वह छह अक्टूबर तक मौन व्रत में रह कर मां भगवती की उपासना करेंगे। इन आठ दिनों में वह कार्यकर्ताओं के संपर्क में नहीं रह पायेंगे। उन्होंने सभी को शारदीय नवरात्र की शुभकामनाएं दी हैं। बता दें कि ओम माथुर हर साल नवरात्र में देवी की आराधना करते हैं। इस दौरान वह किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल नहीं होते हैं और न ही किसी से मिलते-जुलते हैं। महानवमी के दिन हवन करने के बाद उनका अनुष्ठान पूरा होता है। उसके बाद ही वह अन्न ग्रहण करते हैं और नियमित काम शुरू करते हैं।