अगरतला: त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में ‘निर्भया कांड’ जैसा भयावह और घृणित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। अगरतला चिकित्सा महाविद्यालय से छह साल की बीमार बेटी से मिलकर लौट रही महिला के साथ चलती कार में 8 लोगों ने गैंगरेप किया। बाद में आरोपियों ने उसे एक सड़क पर फेंक दिया। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
मंगलवार रात की घटना
पुलिस के मुताबिक घटना मंगलवार रात की है। 32 वर्षीय पीड़िता से चलती कार में दुष्कर्म कर आरोपियों ने उसे सर्किट हाउस के पास फेंक दिया। बाद में लोगों ने उसे जीबी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल के सूत्रों ने बताया महिला की हालत गंभीर, लेकिन स्थिर बनी हुई है। पुलिस ने बताया कि पीड़िता के पति ने बुधवार को पूर्वी अगरतला महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई और उसी दिन छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
जान-पहचान के ऑटो ड्राइवर ने दिया धोखा
पूर्वी अगरतला महिला थाने की प्रभारी मुमताज हसीना ने शिकायत के हवाले से बताया कि मंगलवार करीब शाम साढ़े सात बजे पीड़िता घर जाने के लिए ऑटो रिक्शा में सवार हुई जिसके चालक को वह जानती थी। उन्होंने बताया कि जब ऑटो रिक्शा चालक ने वाहन को दूसरे रास्ते पर मोड़ा तो महिला ने विरोध किया लेकिन चालक अन्य यात्रियों को लेने की बात कर दूसरे रास्ते पर चला गया।
8 लोगों ने किया गैंगरेप
हसीना के मुताबिक रास्ते में चार लोग ऑटो रिक्शा में सवार हुए और महिला के हाथ और मुंह बांध दिए। बाद में उन्होंने उसे कार में डाला और करीब 15 किलोमीटर दूर नरसिंहगढ़ ले गए जहां चार और लोग इंतजार कर रहे थे। उन्होंने बताया कि वे भी कार में सवार हुए और सभी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया तथा रात करीब साढ़े ग्यारह बजे सर्किट हाउस के पास पीड़िता को फेंक दिया।