जामताड़ा। जन आशीर्वाद यात्रा के शुभारंभ के मौके पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि कांग्रेस और झामुमो मिलकर झारखंड को लूटने का प्लान बना रहे हैं। कहा कि संथाल परगना ने तीन-तीन मुख्यमंत्री दिये, लेकिन किसी ने भी यहां के बारे में नहीं सोचा। यहां की भाषा को मान्यता तक नहीं दिलायी और न ही यहां की संस्कृति को बढ़ाने और संवारने का काम किया।
हर सेक्टर में झारखंड टॉप राज्यों में शामिल
काली मंदिर मैदान में आयोजित सभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की सवा तीन करोड़ जनता ने हमें आशीर्वाद दिया और राज्य में पहली बार स्थायी सरकार बनी। इस सरकार का लक्ष्य सिर्फ विकास है। पहली बार ऐसी सरकार बनी, जिसने भ्रष्टाचार खत्म किया। महिलाओं, युवाओं और किसानों की समृद्धि और खुशहाली का रास्ता प्रशस्त किया। सीएम ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में झारखंड के किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि और मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना का लाभ मिल रहा है। राज्य के लाखों बहनों को डबल सिलेंडर मुफ्त मिल रहा है। डबल इंजन की सरकार में झारखंड विकास के नये कीर्तिमान बना रहा है। हर सेक्टर में झारखंड देश के टॉप राज्यों में शामिल है।
डबल इंजन की सरकार कर रही विकास : सीएम
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में झारखंड के गांव-गांव, शहर-शहर में चमचमाती सड़कें हैं। राज्य के हर घर में बिजली है, हर गरीब को अपना घर मिल रहा है, हर गरीब मां-बहन के पास अब गैस कनेक्शन है, युवाओं को रोजगार मिल रहा है। सीएम ने कहा कि आइये संथाल परगना को जेएमएम मुक्त बनायें। हमारी सरकार ने यहां की लिपि ओलचिकी के प्रचार-प्रसार के लिए रेलवे स्टेशन पर अनाउंसमेंट शुरू कराया है। सरकारी कार्यालयों के नाम संथाली में भी लिखने का काम किया है।
संथाल ने तीन सीएम दिये, पर किसी ने यहां के बारे में नहीं सोचा:रघुवर
Previous Articleदुमका में बांस कारीगर मेला शुरू
Next Article चीन से निपटने को अरुणाचल में भारत की तैयारी