जिले के सुन्दरबनी सेक्टर में मंगलवार रात पाक सेना द्वारा की गई गोलीबारी में घायल नाइक अनीश थॉमस ने बुधवार सुबह उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
राजौरी जिले के सुन्दरबनी सेक्टर में बिना किसी उकसावे के पाक सेना ने मंगलवार रात एक बार फिर से संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए भारी गोलीबारी की। इस दौरान पाक ने नियत्रंण रेखा पर स्थित भारतीय चौकियों तथा रिहायशी इलाकों को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की और मोर्टार शैल दागे। गोलीबारी में भारतीय सेना के 16 कोर में तैनात जवान नाइक अनीश थॉमस, एक मेजर सहित और दो अन्य जवान घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां नाइक अनीश थॉमस ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि अन्य घायल जवानों का उपचार चल रहा है।
इस गोलीबारी में पाक के भी तीन सैनिक मारे गए और दो चौकियां तबाह हो गईं। संचार टावर ध्वस्त हो गया। पांच पाक सैनिकों के घायल होने की भी सूचना है। भारतीय जवानों ने पाक की गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया है।