जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक डॉक्टर ने खुद को अपने रिवाल्वर से गोली मारने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस के अनुसार आदित्यपुर थाना क्षेत्र के एस टाइप निवासी डॉक्टर अमित कुमार ने अपने रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली। घटना गुरुवार सुबह 10.30 बजे की बताई जा रही है। अमित जमीन कारोबारी स्व. अरविंद सिंह के पुत्र हैं।
वह आदित्यपुर में कई माह से अपने घर में रह रहे थे। गोली मारने का वजह अब तक स्पष्ट नहीं हुआ है। घटना के बाद आस-पास के लोगों की मदद से उन्हें टीएमएच में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। उनका बयान लेने के बाद ही मामला स्पष्ट हो सकेगा।