- कांग्रेस-भाजपा आमने सामने
अपने बयानों को लेकर चर्चा में बने रहने वाले कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी एक बार फिर नये विवाद को जन्म दे दिया है। झारखंड विधानसभा सत्र के पहले दिन अफगानिस्तान मामले पर इरफान के बयान ने विपक्ष को वार करने का एक बार फिर मौका दे दिया है। सदन के बाहर मीडिया से बात करते हुए इरफान ने तालिबान की तारीफ की। इस बयान ने भाजपा को कांग्रेस पर वार करने का एक बार फिर मौका दे दिया है। भाजपा विधायक सह मुख्य सचेतक बिरंची नारायण ने कहा यह कांग्रेस की मानसिकता को दशार्ता है।
क्या कहा इरफान ने
कांग्रेसी विधायक इरफान अंसारी ने तालिबान का समर्थन करते हुए कहा कि वहां के लोग अब खुश हैं। अमेरिकी वहां जाकर अफगानिस्तान और तालिबान के साथ ज्यादती कर रहे थे। मां-बहन, बच्चों तक को तंग कर रहे थे। इसी के खिलाफ यह लड़ाई है। जो कुछ फैलाया जा रहा है, वह गलत है। उन्होंने कहा कि तालिबान ने अमेरिका को अफगानिस्तान से खदेड़ कर शानदार काम किया है।
हालांकि इरफान ने एक सवाल पर यह भी कहा कि हां वो आतंकवादी संगठन है, लेकिन अमेरिकियों को अपने देश से खदेड़कर उसने क्रांतिकारी काम किया है। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश और अमेरिकी सेना जहां भी जाती हैं लोगों पर अत्याचार करती हैं। अफगानिस्तान में शांति होनी चाहिए। हालांकि अफगानिस्तान-पाकिस्तान में जो हो रहा है उससे हमें कुछ लेना-देना नहीं है।
क्या कहा बिरंची ने
भाजपा विधायक सह मुख्य सचेतक बिरंची नारायण ने कहा कि यह कांग्रेस की तालिबानी सोच को दशार्ता है। इसलिए वह इस तरह का बातें कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी तालीबानि मानसिकता से ओतप्रोत है। वह ऐसे आतंकवादी संगठन का समर्थन कर रहे हैं जो औरतों और अल्पसंख्यकों के खिलाफ क्रूरता के लिए जाना जाता है। हमारी कई मां, बहनें और अन्य लोग डर के कारण अफगानिस्तान से भाग रहे हैं। क्या इरफान अंसारी यहां भी ऐसी ही स्थिति देखना चाहते हैं।