बोकारो में बुधवार को IRB-8 के 28 वर्षीय प्रशिक्षु जवान सुशील कुमार ने अपनी राइफल से खुद को गोली मार ली। सुशील को तुरंत इलाज के लिए सहकर्मी बीजीएच अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने सुशील कुमार को मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार जवान के सीने में गोली लगी थी। जवान सुशील कुमार अपने साथियों के साथ दुर्गा पूजा की ड्यूटी करने के लिए रांची जा रहा था। बस पर चढ़ने के पहले ही यह घटना हुई। मौत की खबर से परिजन सदमे में हैं।
बता दें बुधवार की सुबह जवान तैयार हुआ और ड्यूटी जाने के लिए बैरक से हथियार गोलियों के साथ निकला। अचानक बस व बैरक के बीच सुशील को गोली लगी और उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद तरह-तरह की चर्चा होने लगी। कोई कहने लगा कि दूसरे की गोली से सुशील की मौत हुई है तो वहीं किसी का कहना था कि जवान खुद हथियार को चेक कर रहा था, उसी दौरान गोली चली और उसके सीने में लगी। वहीं किसी का कहना है कि जवान ने खुद को गोली मार ली है।