दुमका। दुमका में एक ऐसी घटना सामने आयी है, जो महिला शक्ति के इस उत्सव को शर्मसार करनेवाली है। जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र के असवारी गांव में आधा दर्जन दबंगों ने डायन के शक में एक ही परिवार की तीन महिला समेत चार लोगों को बुरी तरह पीटा, फिर मैला पिलाया। इतने पर संतोष नहीं हुआ, तो उनके शरीर को गर्म लोहे से दाग दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव के मुनि सोरेन, लखीराम मुर्मू, सुनील मुर्मू, उमेश मुर्मू, मंगल मुर्मू सहित कुछ लोग सोनामुनी के घर में घुस कर अमानवीयता की हद पार कर दी।
मां और बेटे की हालत गंभीर, पांच गिरफ्तार
आरोपियों ने रसी मुर्मू (55), सोनामुनी टुड्ड ू(47), श्रीलाल मुर्मू (27 ) और कोसो टुडू को पहले पीटा। इसके बाद मैला पिलाया। इससे भी मन नहीं भरा तो गर्म लोहे से शरीर को दाग दिया। बाद में सूचना पुलिस तक पहुंची, तो वो गांव आयी और चारों को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। यहां 47 वर्षीय सोनामुनि टुडू और उसके 27 वर्षीय बेटे श्रीलाल मुर्मू को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों की धमकी- पुलिस को बताया तो और बुरा करेंगे
वारदात के बाद रात को जाते हुए आरोपियों ने धमकी भी दी कि अगर पुलिस को सूचना दी तो इससे भी बुरा हाल करेंगे। तीन महिलाओं समेत चार लोग रात भर तड़पते रहे। अगली सुबह आरोपी फिर पहुंचे और फिर से उनकी पिटाई की। घायल श्रीफल ने बताया कि गांव के ही ज्योतिंन मुर्मू ने बैठक कर उनके खिलाफ डायन होने का षडयंत्र रचा है। उसके कहने पर ही वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चला है कि सभी को डायन क्यों करार दिया गया।
पूजा-पाठ से दिक्कत थी
गांव वालों ने पुलिस को बताया कि पीड़ित महिलाएं पूजा-पाठ ज्यादा करती थीं, इसलिए कुछ लोगों को शक था कि वो लोगों पर भूत-प्रेत करती हैं। यही वजह है कि जब भी किसी का पशु भी बीमार पड़ता था, तो वो उसके लिए इन्हीं को जिम्मेदार ठहराते थे। इस बार भी कुछ ऐसा ही था।