रांची। सिकिदरी थाना क्षेत्र के हुंडरू फॉल में मंगलवार को पानी के तेज बहाव में एक लड़का और एक लड़की बहने लगे। उनके साथ आए अन्य लड़के-लड़कियों ने उनको बचाने की कोशिश की और शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग बचाव के लिए दौड़े। पर्यटक मित्रों ने काफी मशक्कत कर पानी में बह रही लड़की को तो निकाल लिया लेकिन लड़का तेज बहाव में बह गया।

मिली जानकारी के अनुसार पांच लड़के और पांच लड़कियों का ग्रुप हुंडरु फॉल आया था। वे सभी फॉल के आसपास घूम रहे थे। इसी दौरान प्रेमचंद इंटर कॉलेज के बारहवीं का छात्र रितिक कुमार साहू और रामटहल चौधरी इंटर कॉलेज की छात्रा तन्नु कुमारी पावर हाउस के बाईपास के समीप नदी में डूबने लगे। उनको डूबता देख उनके साथ आए अन्य छात्रों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया लेकिन रितिक पानी के तेज बहाव में बह निकला। जबकि उसके साथ एक अन्य छात्रा को पर्यटनकर्मियों ने बचा लिया। पानी का बहाव तेज होने के कारण छात्र का कोई पता नहीं चल सका है। शव की खोज जारी है। रितिक मूल रुप से पिठोरिया थाना क्षेत्र के चंदवे का रहने वाला था, जबकि लड़की बारीडीह की रहने वाली बतायी जा रही है।

घटना के बाद गेतलसूद डैम से नहर को छोड़े जा रहे पानी को बंद करा दिया गया है। गोताखोरों को बुला लिया गया है, जो घटनास्थल के आसपास लगातार शव को तलाशने में जुटे हैं। लड़के के घरवालों को घटना की जानकारी दे दी गयी है। घटना में बचाकर निकाली गयी लड़की को रिम्स भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव की तलाश की जा रही है। एक छात्रा को बचा लिया गया है लेकिन एक छात्र का शव अबतक नहीं मिल पाया है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version