रांची। कुड़मी-कुर्मी को एसटी का दर्जा देने के लिए आंदोलनरत गोमिया विधायक लंबोदर महतो को सिल्ली पुलिस ने बुधवार को हिरासत में लिया है। पुलिस ने उन्हें मुरी जंक्शन से हिरासत में लिया है। फिलहाल उन्हें सिल्ली थाना में रखा गया है। लंबोदर महतो ने बताया कि रेल रोको अभियान के दौरान सिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है। फिलहाल वो सिल्ली थाना में समर्थकों के साथ बैठे हैं।
आदिवासी कुड़मी समाज की ओर से गोमो रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रोकने के ऐलान के बाद गोमो में अगले आदेश तक निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। उपमंडल अधिकारी उदय रजक ने बताया कि पूरे गोमो इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। रिजर्व पुलिस बल के कमांडेंट सैयद सरफराज अहमद ने बताया कि गोमो स्टेशन में प्रवेश करने वाले सभी मार्गों को सील कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि कई कुर्मी संगठन एसटी का दर्जा देने की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। इससे पहले अप्रैल में भी कुर्मी समुदाय के लोगों ने बड़ी संख्या में झारखंड के कई रेलवे स्टेशनों पर धरना-प्रदर्शन किया था। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान झारखंड में करीब 250 से अधिकर ट्रेनों को रद्द करना पड़ा था।