गिरिडीह। संकल्प यात्रा के तीसरे चरण के तहत जमुवा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने बुधवार को हेमंत सोरेन पर जमकर हमला बोला। झमाझम वर्षा के दौरान बाबूलाल मरांडी ने जनसभा को किया संबोधित। उन्होंने कहा कि संथाल परगना के भोगनाडीह से शुरू हुआ संकल्प यात्रा अब जनता के भारी समर्थन से जन संकल्प यात्रा बन चुका है।
उन्होंने कहा कि पौने चार साल के हेमंत सरकार में झारखंड का विकास तो नहीं हुआ, बल्कि कानून व्यवस्था चौपट हो गया। प्रत्येक दिन पांच से अधिक हत्या, दुष्कर्म, अपहरण की घटना से झारखंड भयभीत है। पुलिस कानून व्यवस्था ठीक करने के बजाए वसूली और हेमंत सरकार के फिलाफ बोलने वालों पर केस करने में व्यस्त है। अंचल ब्लॉक और जिले के सरकारी कार्यालयों में बिना पैसे दिये कोई काम नहीं होता है। भ्रष्टाचार मुक्त, अपराध मुक्त प्रदेश बनाना है तो झारखंड से हेमंत सरकार को हटाना है और भाजपा को लाना है।
उन्होंने कहा कि परिवार, पैसे, बिचौलिया, दलालों के लिए राजनीति करने वाले हेमंत ईडी के कार्रवाई से डर कर भाग रहे हैं। हेमंत सरकार दलालों, बिचौलियों को बचाने में व्यस्त है। ट्रांसफर-पोस्टिंग और योजनाओं में हेमंत सरकार पैसा लेना बंद कर दे तो भ्रष्टाचार खुद समाप्त हो जाएगा। हेमंत सोरेन को जनता की चिंता नहीं है।
उन्होंने कहा कि अटल बिहारी ने झारखंड राज्य के सपने को साकार किया और गांव-गांव सड़क, नदी-नालों पर पुल-पुलिया और बिजली दिया। इस प्रदेश को संवारने का कार्य भी भाजपा ही करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में चांद पर पहुंच गये। अब सूर्य की बारी है। उन्होंने 2024 में केंद्र में मोदी को प्रधानमंत्री और झारखंड में भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प दिलाया।