रांची। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने शनिवार को नवाडीह प्रखंड के नवाडीह, बिरनी काली मंडप, चिरुडीह मोड़, भेड़रा सहित अनेक गांव एवम बस्तियों में मतदाताओं से संपर्क कर एनडीए प्रत्याशी यशोदा देवी को जिताने की अपील की।

प्रचार अभियान में मतदाताओं को संबोधित करते हुए बाबूलाल ने कहा कि राज्य की विधि व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। अपराधी बेखौफ हैं। उन्हें कानून का भय नहीं। पुलिस प्रशासन का भय नहीं। क्योंकि, हेमंत सरकार से अपराधियों को संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर कोर्ट परिसर में कोर्ट के पदाधिकारी पर हुए आपराधिक हमला राज्य सरकार की विफलता है। अपराधी अब कानून को हाथ में ले रहे। ऐसा लग रहा कि हेमंत सरकार ने अपराधियों को हिम्मत देकर झारखंड का तालिबानीकरण कर दिया है।

उन्होंने कहा कि पुलिस का इकबाल समाप्त हो चुका है। क्योंकि, राज्य की पुलिस विधि व्यवस्था को ठीक करने और अपराधियों को पकड़ने में नहीं, बल्कि वसूली करने में ताकत का उपयोग कर रही है। हत्या, लूट, बलात्कार, अपहरण जैसी घटनाएं राज्य में आम हो गई हैं। प्रदेश में बिना पैसे के कोई काम नहीं होता। जन्म प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र छोड़िए यहां तो मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए भी घूस देने पड़ते हैं।

उन्होंने कहा कि झारखंड का निर्माण भाजपा की देन है और जितने भी विकास कार्य सड़क, पुल पुलिया, हाईवे अस्पताल, एयरपोर्ट दिख रहे वह भाजपा सरकार की देन है। मोदी सरकार पिछले नौ वर्षों से गांव, गरीब, किसान मजदूर आदिवासी, दलित पिछड़े सभी की सेवा में लगी है। अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। साथ ही कहा कि हेमंत सरकार ने अपने एक भी वादे पूरे नहीं किए। केवल जनता को दिग्भ्रमित किया है।

उन्होंने कहा कि झारखंड को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने की भाजपा, आजसू गठबंधन, एनडीए की सरकार जरूरी है। डुमरी से इसकी शुरूआत करें। हेमंत सरकार को सबक सिखाएं। इसे उखाड़ फेंकने का संकल्प लें।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version