चित्रकूट। मध्य प्रदेश में होने जा रहे विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जन आशीर्वाद यात्रा निकालने जा रही है। रविवार को इसका आगाज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जय प्रकाश नड्डा ने भगवान कामतानाथ के दर्शन-पूजन कर किया है।

इस दौरान उनके साथ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर व ज्योतिरादित्य सिंधिया, सांसद आरके सिंह पटेल सहित भाजपा नेता मौजूद रहे। रविवार को जन आशीर्वाद यात्रा के पहले चरण का शुभारम्भ करने के लिए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भगवान श्री कामतानाथ मंदिर पहुंचकर उनका आशीर्वाद लिया। मंदिर के प्रधान पुजारी भरत शरण मिश्र, रोहित महाराज व नीरज महाराज ने श्री कामतानाथ जी से जुड़ी पौराणिक कथाओं का अनुश्रवण कराते हुए प्रभु श्री राम द्वारा स्थापित विग्रह के दर्शन कराये। साथ ही सभी राष्ट्रीय नेताओं को भगवान कामतानाथ का चित्र भेंट कर मनोकामनाओं के पूरण का आशीर्वाद दिया।

इससे पहले भाजपा अध्यक्ष ने दीन दयाल शोध संस्थान के प्रकल्प आरोग्यधाम पहुंच कर भारत रत्न से सम्मानित राष्ट्र ऋषि नानाजी देशमुख की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर यात्रा की सफलता का आशीर्वाद लिया।

–10,543 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी यात्राएं
भाजपा पहली बार मध्य प्रदेश में एक साथ पांच यात्राएं निकालने जा रही है। पहले चरण की यात्रा सतना जिले के चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र के मझगवां के पास मिचकुरिन गांव से शुरू होगी। 17-18 दिन में ये यात्राएं 10,543 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी। 25 सितम्बर को भोपाल में कार्यकर्ता महाकुंभ के साथ इन यात्राओं का समापन होगा। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी भोपाल आ सकते हैं।

–कब और कहां से शुरू होंगी जन आशीर्वाद यात्रा

3 सितम्बर को पहली यात्रा चित्रकूट से शुरू होगी। यह यात्रा निवाड़ी से होते हुए भोपाल पहुंचेगी।

4 सितम्बर को दूसरी यात्रा नीमच से शुरू होगी। रतलाम-मंदसौर की विधानसभाएं कवर करेगी। शुरुआत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे।

5 सितम्बर को तीसरी यात्रा मंडला से शुरू होगी। जबलपुर होते हुए भोपाल पहुंचेगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इसकी शुरुआत करेंगे। इसी दिन चौथी यात्रा की शुरुआत श्योपुर के बड़ौदा नगर से अमित शाह करेंगे।

6 सितम्बर को पांचवीं यात्रा खंडवा से शुरू होगी। बुरहानपुर, खरगोन की भी विधानसभाओं को कवर करेगी। नितिन गडकरी शामिल होंगे। भोपाल स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय से जन आशीर्वाद यात्राओं के लिए पांच रथ शनिवार को रवाना किए गए।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version