पटना। राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार सूरज (भाजपा) पर थूकने का दुस्साहस नहीं करेंगे। क्योंकि, ऐसा करने वाला खुद ही अपना चेहरा गंदा करता है। उन्होंने गुरुवार को बयान जारी कर कहा कि नीतीश कुमार के लिए भाजपा के दरवाजे बंद हैं। लालू प्रसाद उन पर भरोसा नहीं करते और पार्टी के सांसदों-विधायकों का भविष्य अनिश्चित है। इसलिए हताश जदयू अध्यक्ष ललन सिंह भाषा की मर्यादा खो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी और केंद्र सहित कई राज्यों में सत्तारूढ़ भाजपा के लिए मात्र एक राज्य में सीमित 44 विधायकों वाले दल के अध्यक्ष को बोलने से पहले अपनी हैसियत भी देखनी चाहिए। नीतीश कुमार सत्ता के लिए भाजपा और राजद, दोनों को बार-बार धोखा चुके हैं। उन पर कोई भरोसा नहीं करता। नीतीश कुमार केवल लालू प्रसाद पर दबाव बनाने के लिए देवीलाल की जयंती में शामिल न होकर दीनदयाल उपाध्याय की जयंती में आए थे। इस पर उनके फिर पलटी मारने की अटकल लगाना निराधार है।

सुशील मोदी ने कहा कि जिस व्यक्ति ने भाजपा से दूर रहने के लिए मिट्टी में मिल जाने की कसम तोड़ दी और जो अपना आधार वोट ट्रांसफर कराने की क्षमता भी खो चुके हैं, उन्हें एनडीए क्यों वापस लेगा?

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version