बेगूसराय। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने नीतीश कुमार, लालू यादव एवं राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला है।

उन्होंने कहा है कि हिंदू और भगवा को मिटाने की साजिश नहीं चलेगी। देश की जनता इस साजिश को नाकाम कर देगी। गिरिराज सिंह ने सोमवार को बेगूसराय में कहा है कि एमके स्टालिन के पुत्र उदय निधि स्टालिन हिंदू को मिटाने के बयान पर माफी नहीं मांग रहे हैं। हिंदू को मिटाने, भगवा को मिटाने के उनके बयान का जवाब राहुल गांधी, नीतीश कुमार और लालू यादव को देना होगा। उन्होंने कहा कि मुंबई में हुई बैठक के बाद इन लोगों ने क्या साजिश रची है। इसका जवाब तो देना ही होगा। हिंदू और भगवा को मिटाने की कोई गलतफहमी में नहीं रहे। स्टालिन का बेटा हो या लालू यादव, हिंदू समाज इसका जवाब देगा, प्रतिकार करेगा।

इंडिया गठबंधन और राहुल गांधी को इसका जवाब देना होगा। नहीं तो 2024 में जनता से जवाब मिल जाएगा। नालंदा में आरसीपी सिंह के रिश्तेदार की हत्या एवं आरसीपी सिंह द्वारा अपने ऊपर खतरा की बात कहे जाने पर गिरिराज सिंह ने कहा है कि यह दुर्भाग्य घटना है। रामचंद्र प्रसाद सिंह (आरसीपी सिंह) कभी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सबसे करीबी माने जाते थे। आज अलग हो गए हैं तो इसका मतलब यह नहीं है की कोई उनको धमकी दे।

गिरिराज सिंह ने कहा कि आरसीपी सिंह के परिजन की हत्या हो जाए और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चुप रहें, अपनी जुबान बंद रखें, यह बिहार के लिए उचित नहीं है। अगर आप शासन-सत्ता में है तो किम जोंग की तरह तानाशाह नहीं बनिए। किम जोंग की तरह अपना विरोध करने वाले को साफ कर देंगे, यह दुर्भाग्य ही नहीं, अपशगुन है।जदयू विधायक गोपाल मंडल द्वारा लालू यादव को सठिया जाने संबंधी बयान दिए जाने पर गिरिराज सिंह ने कहा है कि हमें लालू यादव और नीतीश कुमार से कोई लेना देना नहीं है। बिहार का माहौल खराब हो रहा है। यह लोग पीएम बनने के लिए माहौल खराब कर रहे हैं। लालू यादव राहुल गांधी का नाम ले रहे हैं, जदयू के लोग नीतीश कुमार का नाम ले रहे हैं। जबकि बिहार और देश की जनता ने नरेन्द्र मोदी के लिए अपना वोट सुरक्षित कर दिया है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version