नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है। वह दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री बन गई है। उनके शपथ ग्रहण समारोह में आप के कन्वेनर अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया मौजदू हैं। उनको एलजी विनय सक्सेना ने शपथ दिलाई।
आतिशी से पहले सुषमा स्वराज और शीला दीक्षित दिल्ली की महिला सीएम रह चुकी हैं। आतिशी के साथ कैबिनेट मंत्री के रूप में सौरभ भारद्वाज, गोपाल राय, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन व मुकेश अहलावत ने मंत्री पद की शपथ ली है। आतिशी की कैबिनेट में मुकेश अहलावत नया चेहरा है।
आतिशी 11 साल से आम आदमी पार्टी से जुड़ी हैं। वह कालकाजी सीट से तीन बार चुनकर दिल्ली विधानसभा पहुंची हैं। आतिशी ने 43 साल की उम्र में सीएम पद की शपथ ली है। वह अब दिल्ली की सबसे युवा सीएम बन गई हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड अरविंद केजरीवाल के पास था। उन्होंने 2013 में 45 साल की उम्र में दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
आतिशी का राजनीतिक सफर
आतिशी ने 2013 में आम आदमी पार्टी (AAP) की सदस्यता ली। उसके बाद वह 2015 में मध्य प्रदेश के जल सत्याग्रह में सक्रियता से पार्टी की नजर में आईं। 2019 में आप ने उनको लोकसभा चुनाव में बीजेपी नेता गौतम गंभीर के सामने उतारा, लेकिन वह चार लाख वोटों से हार गईं।
2020 में विधानसभा चुनाव में कालकाजी से बीजेपी नेता को 11,000 से अधिक मतों से हराकर उन्होंने अपनी स्थिति मजबूत की। 2023 में मनीष सिसोदिया के जेल जाने के बाद वे मंत्री बनीं। 2024 में अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला।