रांची। पीएम नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को झारखंड दौरे पर आ रहे हैं। वे रविवार की सुबह 8:45 में रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वह हेलीकॉप्टर से जमशेदपुर के लिए रवाना हो जायेंगे। इसको लेकर शनिवार को सिटी एसपी राजकुमार मेहता ने विधि-व्यवस्था की ड्यूटी में लगे पुलिस पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों को ब्रीफिंग की। इस दौरान उन्होंने कई दिशा-निर्देश भी दिये। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक ना हो, इसको लेकर विशेष हिदायत भी दी।

हेलीकॉप्टर से जमशेदपुर के लिए रवाना होंगे पीएम
रांची एयरपोर्ट से पीएम मोदी हेलीकॉप्टर से जमशेदपुर के लिए रवाना होंगे। फिर सोनारी हवाई अड्डा से टाटानगर रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। यहां पर वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखायेंगे। साथ ही 21 हजार करोड़ की विकास योजनाओं का शिलान्यास-उद्घाटन करेंगे। जमशेदपुर में उनका आधे घंटे का रोड-शो होगा। रोड शो करते हुए पीएम गोपाल मैदान पहुंचेंगे और वहां सभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के बाद दोपहर 1:45 बजे वह रांची लौटेंगे। इसके बाद अहमदाबाद चले जायेंगे। जमशेदपुर में पीएम नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर पुलिस मुख्यालय के स्तर से सुरक्षा की तैयारी पूरी कर ली गयी है। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा को लेकर आतंकवाद निरोधी दस्ते की हीट टीम के अलावा 3000 से अधिक पुलिस अफसरों और जवानों की तैनाती की गयी है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version