रांची। रांची के सफायर इंटरनेशनल स्कूल के छात्र विनय महतो हत्याकांड की जांच सीबीआइ कर रही है। सीबीआइ ने इस घटना में शामिल व्यक्ति की जानकारी देनेवाले को इनाम देने की घोषणा की है। सीबीआइ ने कहा है कि जो हत्या में शामिल व्यक्ति के बारे में जानकारी देगा, उसे पांच लाख का इनाम दिया जायेगा। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जायेगा। सीबीआइ ने 9958756905 पर जानकारी देने को कहा है।

हाइकोर्ट में दायर की थी क्रिमिनल रिट याचिका
छात्र विनय महतो के पिता मनबहाल महतो अक्टूबर 2017 में विनय महतो को न्याय दिलाने के लिए सुप्रीम कोर्ट गये थे। वहां सुनवाई के बाद हाइकोर्ट में अपील करने का आदेश दिया गया था। आदेश के बाद उन्होंने 8 मार्च 2018 को झारखंड हाइकोर्ट में पुलिस की जांच पर संदेह व्यक्त करते हुए सीबीआइ जांच के लिए क्रिमिनल रिट दाखिल की थी। उसके बाद अदालत ने 7 जुलाई 2022 को सीबीआइ जांच का आदेश दिया था। सीबीआइ की रांची स्थित भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने 20 जुलाई 2022 को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की थी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version